कुलभूषण जाधव की मुलाकात को पाकिस्तान ने बताया 'राजनयिक मदद', भारत भड़का
इस्लामाबाद। कुलभूषण से मुलाकात करने के लिए उनकी मां और पत्नी सोमवार को इस्लामाबाद पहुंच गए हैं, जहां वे पहले भारतीय राजनयिक से मुलाकात करेंगे। मुलाकात से पहले पाकिस्तान ने एक बार फिर हैरान करने वाली हरकत की है। कुलभूषण मामले को लेकर पाकिस्तान ने कहा है कि उन्होंने जाधव को राजनयिक मदद पहुंचाने के लिए भारत को इजाजत दे दी है। हालांकि, भारत ने इस दावे को पूरी तरह से खारिज किया है। वहीं, पाक मीडिया के हवाले से खबर आ रही है कि यह राजनयिक मदद नहीं है।

पाकिस्तान के विदेश मंत्री ख्वाजा आसिफ मोहम्मद ने एक टीवी चैनल से बातचीत के दौरान कहा कि कुलभूषण जाधव तक राजयनिक पहुंच की मंजूरी दे दी गई है। भारत ने पाकिस्तान के इस दावे का कड़ा विरोध करते हुए कहा है कि मुलाकात के दौरान जेल में बंद कुलभूषण की मां और पत्नी के साथ भारतीय काउंसलर जेपी सिंह मौजूद रहेंगे, जिसे राजनयिक पहुंच बिल्कुल नहीं कहा जा सकता।
भारतीय पीएमओ ऑफिस से राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने पाकिस्तान के दावे पर आपत्ति जताते हुए कहा कि यह मुलाकात सिर्फ मानवीय आधार पर हो रही है, जिसे किसी भी प्रकार से राजनयिक मदद या पहुंच नहीं समझा जा सकता।
कुलभूषण की मां और उनकी पत्नी पाकिस्तान विदेश मंत्रालय कार्यालय में उनसे मुलाकात करेंगी। यह मुलाकात करीब 15 मिनट की होगी, जिनके साथ इस्लामाबाद में भारतीय राजनयिक जेपी सिहं भी मौजूद रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications