Kraken के रूप में आया नया कोरोना, यह वैरिएंट चिंता की वजह क्यों बन गया है ?
कोरोना का एक नया सब-वैरिएंट आया है, जो Kraken के नाम से चर्चित हो रहा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन से जुड़े एक्सपर्ट का कहना है कि यह अबतक का सबसे तेजी से फैलने वाला सब-वैरिएंट है।

कोरोना का एक नया सब-वैरिएंट आया है, जिसे अबतक का सबसे ज्यादा संक्रामक बताया जा रहा है। यह वैरिएंट का नाम 'Kraken'के नाम से चर्चित हो रहा है, हालांकि इसका आधिकारिक नाम अलग है। 'Kraken'नाम से चर्चित होने के पीछे एक पौराणिक कहानी है। बहरहाल अमेरिका में इस वैरिएंट के मामले एक महीने में ही बहुत ज्यादा बढ़ गए हैं और अभी तक यह कुल 29 देशों में दस्तक दे चुका है। आने वाले दिनों में विश्व स्वास्थ्य संगठन इसको लेकर कुछ और जानकारियां देने वाला है।
Recommended Video

Kraken के रूप में आया नया कोरोना
कोविड-19 का नया वैरिएंट 'Kraken'के रूप में सामने आया है। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के कहा है कि अमेरिका में अभी संक्रमण बढ़ने के पीछे यही है और अबतक कम से कम अन्य 28 देशों में भी इसकी पहचान हो चुकी है। कोरोना के इस नए वैरिएंट पिछले साल ही पता चला था, जो कि अब अमेरिका में फैल चुका है। विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से इसके बारे में आए बयान के बाद इसको लेकर कुछ सवाल उठ रहा हैं। क्या यह ज्यादा खरनाक है? क्या यह ज्यादा तेजी से फैलता है? और इसकी वजह से चीन में फैले संक्रमण पर क्या प्रभाव पड़ेगा?

'Kraken'वैरिएंट क्या है ?
XBB.1.5 या 'Kraken'ओमिक्रॉन के XBB सब-वैरिएंट का ही एक वंशज है। यह खुद ही पहले वाले BA.2.75 और BA.2.10.1.स्ट्रेन से मिलकर पैदा हुआ था। मूल XBB वैरिएंट पहले ही सिंगापुर और भारत जैसे देशों में कोरोना की लहरें पैदा कर चुका है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने पिछले साल अक्टूबर में पहली बार XBB.1.5 को लेकर चिंता जताई थी। अभी तक जिन 29 देशों में इसके केस मिले हैं, उसमें अमेरिका के अलावा इंग्लैंड और कनाडा जैसे देश भी शामिल हैं।

कितनी तेजी से फैलता है 'Kraken' या XBB.1.5 ?
अमेरिका के डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन के अनुमानों के मुताबिक दिसंबर की शुरुआत में वहां इसका संक्रमण मात्र 1% था। लेकिन, साल का अंत आते-आते यह स्ट्रेन बहुत ज्यादा प्रभावी हो चुका था। कुल संक्रमण में इसके केस 41% तक पहुंच चुके थे। अमेरिका के उत्तरपूर्वी राज्यों में यह आंकड़ा 70% से भी ज्यादा था। 4 जनवरी को WHO के कोविड-19 टेक्निकल लीड मारिया वैन कर्खोव ने कहा कि XBB.1.5 'अभी तक पता चला सबसे ज्यादा संक्रामक सब-वैरिएंट ' है। वहां के स्वास्थ्य अधिकारियों ने चेताया है कि अभी तक तो यह सिर्फ 29 देशों में मिला है, लेकिन टेस्टिंग गिरने से यह बहुत ही चुपचाप व्यापक रूप से फैल सकता है।

क्या 'Kraken'पहले के वैरिएंट से ज्यादा खतरनाक है ?
XBB.1.5 वैज्ञानिकों का ध्यान इसलिए खींच रहा है कि यह इम्यूनिटी को चकमा देने का संकेत दे रहा है। मतलब, यह नैचुरल इम्यूनिटी या वैक्सीन से प्राप्त इम्यूनिटी को भी भेद कर लोगों को संक्रमित कर सकता है। हालांकि, इसके संक्रमण से होने वाली बीमारी की गंभीरता और मौत की आशंका को लेकर अभी पर्याप्त आंकड़ों की कमी है। वैज्ञानिकों की चिंता इसलिए बढ़ी हुई है कि इसकी वजह से बड़ी संख्या में लोगों के संक्रमित होने की आशंका है, जिसके नतीजे खतरनाक हो सकते हैं। हालांकि, विश्व स्वास्थ्य संगठन इस वैरिएंट से जुड़े जोखिमों को लेकर आने वाले दिनों में एक ताजा आंकलन जारी कर सकता है।

क्या चीन तक पहुंच चुका है 'Kraken' ?
चीन में XBB.1.5. या 'Kraken'के घरेलू केस सामने आने की रिपोर्ट अभी तक नहीं है। शंघाई में तीन लोगों को इस वैरिएंट से संक्रमित पाया गया है, लेकिन वे सब बाहर से आए थे। लेकिन, चीन की जानकारी संदिग्ध है, क्योकि विश्व स्वास्थ्य संगठन समेत कई स्वास्थ्य एजेंसियों की शिकायतें हैं कि चीन जीनोम सीक्वेंसिंग के पुख्ता डेटा उपलब्ध नहीं करा रहा है। वैसे चीन में मोटे तौर पर ओमिक्रॉन के दो स्ट्रेन BA.5.2 और BF.7 की व्यापकता देखी जा रही है। लोकल इंफेक्शन में इन दोनों स्ट्रेन के कुल 97.5% मामले बताए जा रहे हैं।

पौराणिक समुद्री दानव का नाम है 'Kraken'
कोविड वैरिएंट का नाम विश्व स्वास्थ्य संगठन का एक एक्सपर्ट ग्रुप रखता है। यह नाम ग्रीक अल्फाबेट का इस्तेमाल करते हुए दिया जा रहा है। जैसे कि अल्फा, बीटा और डेल्टा। अंतिम वैरिएंट का ग्रीक नाम दिया गया था ओमिक्रॉन। एक साल से ज्यादा समय से इसी वैरिएंट के इतने वंशज पैदा हो गए कि पुराना सिस्टम का इस्तेमाल करते हुए कई अल्फाबेट को मिलाया जाने लगा। इस दौरान ऑनलाइन अनौपचारिक नाम देने का एक ट्रेंड चला, जिसमें 'Kraken' भी शामिल है। XBB.1.5 का उपनाम 'Kraken' रखने का प्रस्ताव ट्विटर पर विकासवाद के एक प्रोफेसर ने दिया था, जो कि इस स्ट्रेन की ताकत की ओर इशारा करता है। 'Kraken' पौराणिक कथाओं में एक समुद्री दानव का नाम है।












Click it and Unblock the Notifications