किम ने ट्रंप को किया इग्नोर! फोन तक नहीं उठा रहे उत्तर कोरिया के तानाशाह, लेकिन क्यों?
Donald Trump Kim Jong Un Relationship: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन के रिश्ते हमेशा उतार-चढ़ाव से भरे रहे हैं। कभी दोनों नेताओं की मुलाकातों ने दुनिया को परमाणु तनाव कम होने की उम्मीद दी, तो कभी बातचीत पूरी तरह पटरी से उतरती दिखी। अब ट्रंप एक बार फिर किम से बातचीत शुरू करना चाहते हैं, लेकिन खबरों के मुताबिक उनकी कोशिशों को प्योंगयांग से अपेक्षित जवाब नहीं मिल रहा है।
ट्रंप ने किम के साथ अपने पुराने रिश्ते का हवाला देते हुए बातचीत की इच्छा जताई है और अमेरिका-दक्षिण कोरिया के सैन्य अभ्यास को भी कम किया है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर किम ट्रंप से दूरी क्यों बना रहे हैं?

ट्रंप क्यों करना चाहते हैं किम से बात?
डोनाल्ड ट्रंप को लगता है कि किम जोंग उन के साथ उनके व्यक्तिगत रिश्ते बातचीत का रास्ता खोल सकते हैं। अपने पहले कार्यकाल में दोनों नेताओं की तीन मुलाकातें हुई थीं। हालांकि, इन बैठकों के बावजूद उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम को लेकर कोई स्थायी समझौता नहीं हो सका। अब ट्रंप फिर से उसी व्यक्तिगत कूटनीति को आजमाना चाहते हैं। इसी रणनीति के तहत अमेरिका ने दक्षिण कोरिया के साथ सैन्य अभ्यास को भी छोटा किया है, जिसे ट्रंप महंगा और प्योंगयांग के लिए उकसावे वाला मानते हैं।
ये भी पढ़ें: 'मोदी-ट्रंप मीटिंग में भारत नहीं चाहता था सवाल-जवाब', US राजदूत के दावों पर विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?
क्या किम सच में ट्रंप का फोन नहीं उठा रहे?
ट्रंप ने हाल में दावा किया कि किम की तरफ से उनकी कोशिश का जवाब मिला है और उन्होंने बातचीत को सकारात्मक बताया। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि दोनों नेताओं के बीच सीधी फोन पर बातचीत हुई या जवाब किसी दूसरे माध्यम से आया। दूसरी तरफ किम की बहन किम यो-जोंग ने अमेरिका और उत्तर कोरिया के बीच किसी मौजूदा बातचीत की जानकारी से इनकार किया है। ऐसे में मीडिया में चर्चा तेज है कि किम जोन ट्रंप का फोन तक नहीं उठा रहे हैं।
किम को ट्रंप पर भरोसा क्यों नहीं?
ट्रंप और किम के रिश्तों में सबसे बड़ा झटका 2019 के हनोई शिखर सम्मेलन में लगा था। बैठक बिना किसी समझौते के खत्म हो गई थी। इसके बाद दोनों देशों के बीच बातचीत लगभग ठप हो गई। उत्तर कोरिया अमेरिका की नीतियों और उसके सैन्य कदमों को अब भी अपने खिलाफ मानता है। विशेषज्ञों के मुताबिक, किम इस बार बातचीत में जल्दबाजी नहीं करना चाहते और ट्रंप के भरोसे कोई बड़ा फैसला लेने से पहले अपने हितों को सुरक्षित करना चाहते हैं।
परमाणु हथियार छोड़ने को तैयार नहीं किम
उत्तर कोरिया की सबसे बड़ी प्राथमिकता उसका परमाणु कार्यक्रम है। प्योंगयांग खुद को परमाणु हथियार संपन्न देश के रूप में स्थापित करना चाहता है और अमेरिका की उस मांग को स्वीकार करने के मूड में नहीं है, जिसमें परमाणु हथियार छोड़ने की बात कही जाती है। अनुमान है कि उत्तर कोरिया के पास करीब 60 परमाणु हथियार हो सकते हैं। ऐसे में किम के लिए अमेरिका से बातचीत सिर्फ तनाव कम करने का मुद्दा नहीं, बल्कि अपनी परमाणु ताकत को बनाए रखने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी स्थिति मजबूत करने का सवाल भी है।
ये भी पढे़ं: 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज अब हमारा इलाका', ट्रंप ने मैप शेयर करते हुए किया ऐलान, बढ़ा जंग का खतरा
ट्रंप की कोशिश के बावजूद क्यों बढ़ रही दूरी?
ट्रंप ने सैन्य अभ्यास कम करके उत्तर कोरिया को बातचीत के लिए सकारात्मक संकेत देने की कोशिश की है, लेकिन प्योंगयांग की प्रतिक्रिया ठंडी दिखाई दे रही है। किम यो-जोंग का अमेरिका को अब भी विरोधी बताना इसी दूरी को दिखाता है। संभव है कि किम ट्रंप की मौजूदा पेशकश को परख रहे हों और सीधे बातचीत से पहले अमेरिकी नीति में ठोस बदलाव चाहते हों। इसलिए फिलहाल ट्रंप की कोशिशों के बावजूद दोनों नेताओं के बीच बातचीत का रास्ता आसान नजर नहीं आ रहा है।


Click it and Unblock the Notifications
