किम जोंग उन का तानाशाही फरमान, उत्तर कोरिया में मलेट हेयरस्टाइल-स्किनी जींस पहनने पर प्रतिबंध
नॉर्थ कोरिया शायद दुनिया का पहला मुल्क है, जहां हेयरस्टाइल को लेकर नियम और कानून हैं। नॉर्थ कोरिया के अखबार द रोदोंग सिनमुन के मुताबिक देश में मलेट हेयरस्टाइल को गैरकानूनी करार दिया गया है।
प्योंगयांग, मई 23: उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन कब क्या कानून बना दें, किस चीज पर प्रतिबंध लगा दें, किस बात से नाराज हो जाएं और किस शख्स को देश निकाला दे दें, कुछ नहीं कहा जा सकता है। लोगों की स्वतंत्रता क्या होती है, इनसब बातों से भला किम जोंग उन को क्या मतलब है, तभी को उत्तर कोरिया के इस तानाशाह ने अपने देश में मलेट हेयरस्टाइल को गैरकानूनी करार दे दिया है। इतना ही नहीं, नॉर्थ कोरिया में अब स्किनी जींस पहनने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।

हेयरस्टाइल पर प्रतिबंध
नॉर्थ कोरिया शायद दुनिया का पहला मुल्क है, जहां हेयरस्टाइल को लेकर नियम और कानून हैं। नॉर्थ कोरिया के अखबार द रोदोंग सिनमुन के मुताबिक देश में मलेट हेयरस्टाइल को गैरकानूनी करार दिया गया है। जिसके बाद अब नॉर्थ कोरिया के लोग सिर्फ 15 तरह के ही हेयरस्टाइल रख सकते हैं। नॉर्थ कोरिया की वर्कर्स पार्टी की केन्द्रीय समिति के आधिकारिक अखबार ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि 'उत्तर कोरिया के लोग पश्चिमी सभ्यता का अनुशरण ना करें, वो पश्चिमी सभ्यता की तरफ आकर्षित नहीं हों, इसलिए ऐसा किया गया है।' अखबार ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि 'हमें पूंजीवादी जीवनशैली से सावधान रहने की जरूरत है और उसे खत्म करने के लिए लड़ाई लड़ने की जरूरत है।' उत्तर कोरिया में बाल रंगने की भी इजाजत नहीं है। किम जोंग उन ने नॉर्थ कोरिया में कुछ खास तरह के ही हेयरस्टाइल रखने की इजाजत दी है और अगर कोई इसका उल्लंघन करता पकड़ा जाए, तो उसके लिए सख्त सजा का प्रावधान है।

स्लोगन वाली टी शर्ट पर बैन
नॉर्थ कोरिया के सनकी तानाशाह किम जोंग उन ने नॉर्थ कोरिया के लोग क्या ना पहनें, इसको लेकर भी नियम बना दिए हैं। अब उत्तर कोरिया में स्लोगन वाले टीशर्ट पहनने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक उन कपड़ों पर जिनपर किसी तरह का स्लोगन हो, कोई आकृति बनी हो, नाक-होठ की पियरसिंग बनी हो, उसे पहनने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। उत्तर कोरियाई अखबार ने लिखा है कि 'इतिहास ने हमें एक अहम सीख दी है कि अगर हम अपने खुद की जीवनशैली को पालन ना करें, उसे पकड़कर ना रखें, तो भले ही हम आर्थिक तौर पर या सैन्य शक्ति के तौर पर मजबूत क्यों ना हों, अगर हम इसका त्याग कर देंगे तो देश गीली दीवार की तरह ढह जाएगा'। वहीं, दक्षिण कोरिया की समाचार एजेंसी योनहाप ने कहा है कि इस संपादकीय के जरिए नॉर्थ कोरिया में युवाओं को चेतावनी दी गई है कि वो विदेशी हेयरकट ना कटवाएं।

दक्षिण कोरियाई बैंड पर प्रतिबंध
हेयरस्टाइल और स्किनी जींस पर प्रतिबंध लगाने के साथ ही उत्तर कोरिया में प्रसिद्ध के-पॉप बैंड पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है। दरअसल, के-पॉप बैंड दक्षिण कोरिया में काफी प्रसिद्ध है और इसी से चिढ़कर किम जोंग उन ने के-पॉप बैंड को बजाना नॉर्थ कोरिया में गैरकानूनी कर दिया है। वहीं, एक रिपोर्ट के मुताबिक नॉर्थ कोरिया की राजधानी प्योंगयोंग के अस्पतालों में चीन से आने वाली दवाईयों पर प्रतिबंध लगा दिया था। कहा गया था कि प्योंगयोंग के अस्पताल में चीन से आई एक दवा के खाने पर मरीज की मौत हो गई थी, जिसके बाद चीनी दवाईययों को प्रतिबंधित कर दिया गया था।

घटिया सामान खरीदने की सजा
वहीं, पिछले महीने नॉर्थ कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन ने अपने एक बड़े अधिकारी को अपने ड्रीम प्रोजेक्ट के लिए घटिया सामान खरीदने पर मौत की सजा सुना दी है। इस अधिकारी पर आरोप हैं कि किम जोंग उन के ड्रीम अस्पताल प्रोजेक्ट के लिए उसने चीन से खराब क्वालिटी के सामान खरीदे हैं, जो किम जोंग उन को नागवार गुजरा और उसने बड़े अधिकारी को मौत की सजा सुना दी। रिपोर्ट के मुताबिक किम जोंग उन अपने ड्रीम प्रोजेक्ट के लिए यूरोपीयन देशों से हर सामान मंगवाना चाहते थे, लेकिन अधिकारी ने चीन से सामान खरीद लिया। किम जोंग उन का मानना है कि यूरोपीय देशों में बनने वाला सामान अच्छी क्वालिटी का होता है।

अधिकारी को मौत की सजा
साउथ कोरिया के अखबार के मुताबिक किम जोंग उन ने अस्पताल को लेकर एक मीटिंग बुलाई थी जिसमें पता चला कि अस्पताल में खराब क्वालिटी के चायनीज सामान लगे हैं, जिसके बाद किम जोंग उन मीटिंग में ही उस अधिकारी पर भड़क गये और फिर उस बड़े अधिकारी को मौत की सजा सुना दी। रिपोर्ट के मुताबिक किम जोंग उन के आदेश के बाद 50 साल के उस वरिष्ठ अधिकारी को मार दिया गया। साउथ कोरिया के न्यूज पेपर के मुताबिक वो बड़ा अधिकारी नॉर्थ कोरिया के विदेश मंत्रालय का डिप्टी डायरेक्टर था और उसी अधिकारी के पास नॉर्थ कोरिया में आने वाले किसी भी सामान को अप्रूव करने की जिम्मेदारी थी। अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक इस मामले को लेकर किम जोंग उन ने एक अधिकारी को बर्खास्त भी कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications