फेसबुक सेल्फी से खुला बेल्ट का राज, पुलिस की पकड़ में आई कातिल सहेली
दरअसल दोषी महिला ने अपनी सहेली का खून करने से पहले उसके साथ की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की, और यहीं से पुलिस को सुराग मिल गया।
नई दिल्ली। कहते हैं कि मुजरिम कितना ही शातिर क्यों ना हो, कोई ना कोई गलती जरूर करता है और कानून के शिकंजे में आखिरकार फंस ही जाता है। कुछ ऐसा ही मामला सामने आया है कनाडा में, जहां अपनी ही सहेली की हत्या के जुर्म में एक महिला को सजा सुनाई गई है। दरअसल दोषी महिला ने अपनी सहेली का खून करने से पहले उसके साथ की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की, और यहीं से पुलिस को सुराग मिल गया। पुलिस ने छानबीन के बाद आखिरकार कातिल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

गला घोंटकर हुई थी ब्रिटनी की हत्या
कनाडा के सस्केचेवान इलाके में पुलिस को 2 साल पहले एक कूड़े के ढेर के पास 18 वर्षीय ब्रिटनी गर्गोल की लाश मिली। ब्रिटनी को गला घोंटकर मारा गया था और लाश के पास ही एक बेल्ट पड़ी हुई थी। पुलिस ने बेल्ट को अपने कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी। पुलिस के पास उस बेल्ट के अलावा हत्यारे का कोई सुराग नहीं था। एक दिन अचानक पुलिस की नजर ब्रिटनी की दोस्त 21 वर्षीय चेयने रोज एंटॉइन के फेसबुक अकाउंट पर पड़ी।

सेल्फी में मिला हत्या का सुराग
एंटॉइन ने अपने फेसबुक पेज पर ब्रिटनी के साथ एक सेल्फी डाली हुई थी। पुलिस ने गौर किया तो पता चला कि सेल्फी ब्रिटनी की हत्या से कुछ घंटे पहले की है। यहां तक सबकुछ सामान्य था, लेकिन तभी पुलिस की नजर एंटॉइन की बेल्ट पर पड़ी, जो उसने सेल्फी में पहनी हुई थी। पुलिस ये देखकर चौंक गई कि यह वही बेल्ट है जो ब्रिटनी की लाश के पास से मिली थी। इसके बाद पुलिस ने एंटॉइन को हिरासत में ले लिया।

हत्या की रात दोनों ने पी शराब
पुलिस ने जब सख्ती से एंटॉइन से पूछताछ की तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। एंटॉइन ने पुलिस को बताया कि हत्या की रात दोनों ने बहुत ज्यादा शराब पी रखी थी। किसी बात को लेकर दोनों में बहस हो गई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। गुस्से में आकर एंटॉइन ने ब्रिटनी की गला दबाकर हत्या कर दी और लाश को एक कूड़े के ढेर के पास फेंक दिया।

कातिल सहेली को मिली 7 साल की सजा
कोर्ट में अपना गुनाह कबूलते हुए एंटॉइन ने बताया, 'मैं ब्रिटनी की मौत की जिम्मेदारी लेती हूं, लेकिन मुझे उसकी हत्या की बात याद नहीं है। मैं अपने आप को कभी माफ नहीं करूंगी। मैं बहुत शर्मिंदा हूं। ऐसा कभी नहीं होना चाहिए था।' वहीं ब्रिटनी की आंटी ने कहा कि ऐसा कोई दिन नहीं जाता, जब हम उसे याद नहीं करते। एंटॉइन को ब्रिटनी की हत्या के दोष में कोर्ट ने सात साल की सजा सुनाई है।












Click it and Unblock the Notifications