US: खालिस्तानियों ने सैन फ्रांसिस्को में भारतीय दूतावास को आग लगाने की कोशिश की, FBI ने की जांच शुरू
US: खालिस्तानियों ने सैन फ्रांसिस्को में भारतीय दूतावास को आग लगाने की कोशिश की, FBI ने की जांच शुरू
Indian Embassy San Francisco: खालिस्तानी समर्थकों ने अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में भारतीय दूतावास में आग लगाने की कोशिश की। रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार को सैन फ्रांसिस्को में भारतीय दूतावास पर खालिस्तान समर्थकों द्वारा कथित बर्बरता और आगजनी की कोशिश की गई।
संयुक्त राज्य अमेरिका ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। मामले की जांच अमेरिकी एजेंसी FBI ने शुरू कर दी है।

स्थानीय चैनल Diya TV की रिपोर्ट के मुताबिक खालिस्तानी कट्टरपंथियों ने देर रात 1:30 से 2:30 बजे के बीच भारतीय दूतावास में आग लगा दी। लेकिन सैन फ्रांसिस्को विभाग द्वारा इसे तुरंत बुझा दिया गया।
रिपोर्ट में कहा गया है कि हालांकि नुकसान सीमित था। वहीं घटना में कोई भी कर्मचारी घायल नहीं हुआ। कथित तौर पर खालिस्तान समर्थकों ने घटना के संबंध में एक वीडियो जारी किया है। हालांकि वनइंडिया हिंदी स्वतंत्र रूप से वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
अमेरिका ने की कड़ी निंदा
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने ट्वीट कर इस घटना की कड़ी निंदा की है। मैथ्यू मिलर ने ट्वीट कर लिखा, ''अमेरिका सैन फ्रांसिस्को में भारतीय दूतावास के खिलाफ कथित बर्बरता और आगजनी की कोशिश की कड़ी निंदा करता है। अमेरिका में राजनयिक सुविधाओं या विदेशी राजनयिकों के खिलाफ बर्बरता या हिंसा एक आपराधिक अपराध है।"
इस घटना से एक दिन पहले सिख फॉर जस्टिस (SFJ) के आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने ऐलान किया था कि 8 जुलाई से विदेश में बने भारतीय दूतावासों को घेरा जाएगा।
मार्च में भी खालिस्तानी समर्थकों ने किया था हमला
इससे पहले खालिस्तान समर्थक प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने सैन फ्रांसिस्को में भारतीय दूतावास पर हमला करने और उसे क्षतिग्रस्त करने की कोशिश की थी। जिसकी भारत सरकार और भारतीय-अमेरिकियों ने निंदा की थी।
वहीं लंदन में भी भारतीय दूतावास पर खालिस्तानी समर्थकों ने हमला किया था। खालिस्तान समर्थकों ने लंदन में भारतीय उच्चायोग के ऊपर फहरा रहे भारतीय तिरंगे को उतार दिया था।












Click it and Unblock the Notifications