केन्या में अकाल से भीषण हालात, सामने आईं दिल दहला देने वाली तस्वीरें, मारे जा रहे जानवर और इंसान
केन्या में भीषण सूखे के बाद अकाल जैसी स्थिति बन गई है, जहां अब भूख और प्यास से जानवर दम तोड़ने लगे हैं।
वजीर कंट्री/केन्या, दिसंबर 15: भयानक अकाल से जूझते देश केन्या से दिल दहलादेने वाली तस्वीरें सामने आने लगी हैं। भूख और प्यास ने अब जानवरों को मारना शुरू कर दिया है। केन्या में भूख और प्याल की वजह से मरे जिराफों की तस्वीर ने पूरी दुनिया को सकते में डाल दिया और लोग केन्या की मदद की अपील कर रहे हैं। मरे हुए जिराफ की तस्वीरें पूरी दुनिया में सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।

अकाल से देश का बुरा हाल
रिपोर्ट के मुताबिक, केन्या के उत्तर-पूर्वी शहर वजीर की स्थिति और भी ज्यादा खराब हो चुकी है और एक अभयारण्य के अंदर 6 जिराफ मृत मिले हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इन जिराफों की मौत भोजन और पानी नहीं मिलने से हुई हैं। वहीं, जहां पर जिराफ मरे हुए मिले हैं, उसके बगल में एक जलाशय भी है, लेकिन उसमें काफी कम पानी था और काफी ज्यादा कीचड़ था। यह तस्वीर कथित तौर पर भोजन और पानी की कमी से कमजोर जिराफ के मरने के बाद ली गई थी, जब वे "पास के लगभग सूखे जलाशय से पीने की कोशिश करते हुए कीचड़ में फंस गए थे।" उनके शवों को एक अलग स्थान पर ले जाया गया जहां तस्वीर ली गई थी। जलाशय के पानी को दूषित होने से बचाने के लिए उनके शवों को वहां से दूर ले जाया गया।

30 प्रतिशत कम हुई है बारिश
अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, केन्या के उत्तरी हिस्से में सितंबर के बाद से सामान्य वर्षा के मुकाबले 30 प्रतिशत से भी कम बारिश हुई है, जिससे इस क्षेत्र में भयंकर सूखा पड़ा है। वर्षा की कमी ने क्षेत्र के वन्यजीवों पर विनाशकारी प्रभाव डाला है और पशुपालकों और उनके पशुओं को मरने के कगार पर धकेलने के अलावा भोजन और पानी की कमी को बढ़ा दिया है। बोर-अल्गी जिराफ अभयारण्य के रहने वाले इब्राहिम अली का कहना है कि जंगली जानवरों को सबसे ज्यादा खतरा है। अली ने स्थानीय समाचार वेबसाइट द स्टार को बताया, "पालतू जानवरों की मदद की जा रही थी, लेकिन वन्यजीवों की नहीं, और वे काफी ज्यादा पीड़ित हैं"।

विकराल हो चुकी है स्थिति
उन्होंने कहा कि, नदी के किनारे खेती की गतिविधियों ने जिराफों को पानी तक पहुंचने से रोक दिया है, जिससे स्थिति और खराब हो गई है। एक अन्य तस्वीर में आइरिब गांव के सहायक प्रमुख अब्दी करीम को छह जिराफों के शवों को देखते हुए दिखाया गया है जो साबुली वन्यजीव संरक्षण में आइरिब गांव के बाहरी इलाके में स्थित हैं। तस्वीर 10 दिसंबर को ली गई थी। द स्टार की रिपोर्ट में कहा गया है कि निकटवर्ती गरिसा काउंटी में 4,000 जिराफों के सूखे की वजह से मरने का खतरा मंडरा रहा है।

देश में राष्ट्रीय आपदा घोषित
केन्या के राष्ट्रपति उहुरू केन्याटा ने सितंबर में सूखे को राष्ट्रीय आपदा घोषित किया था। इस बीच, केन्या के राष्ट्रीय सूखा प्रबंधन प्राधिकरण ने पिछले हफ्ते सूखे से प्रभावित 25 लाख लोगों के लिए एक आपातकालीन राहत पैकेज देने की घोषणा की है। वहीं, अगर अकले कुछ दिनों में बारिश नहीं होती है, तो फिर विशेषज्ञों का अनुमान है, यह दिसंबर 2020 के बाद से लगातार तीसरी खराब बारिश का मौसम होगा। पिछले महीने, संयुक्त राष्ट्र ने कहा कि केन्या में रहने वाले करीब 24 लाख लोगों को सूखे की वजह से खाने की भीषण समस्या का सामना करना पड़ सकता है।

कुपोषण से मौत के कगार पर बच्चे
अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, पूरे उत्तरी केन्या में 465,000 से ज्यादा बच्चे और 93,000 गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाएं सूखे के वजह से कुपोषित होने के कगार पर हैं और सैकड़ों बच्चे कुपोषित हो चुके हैं। वजीर काउंटी के स्वास्थ्य निदेशक सोमो दाहिर ने कहा कि महिलाएं परंपरागत रूप से घर के लिए पानी लाने के लिए जिम्मेदार हैं, लेकिन बारिश के अभाव में दैनिक कार्य में काफी समय लगता है और पारी लाने में कई किलोमीटर चलना पड़ता है। एनडीएमए का अनुमान है कि उत्तरी काउंटी में अक्टूबर में पानी खोजने के लिए लोगों को औसतन 14 किलोमीटर की यात्रा करनी पड़ती थी। स्तनपान कराने वाली माताओं का घर से बाहर लंबे समय तक दूध का सेवन करने वाले छोटे बच्चों को गंभीर रूप से प्रभावित करता है, खासकर जब परिवार ने अपने मवेशियों को सूखे की वजह से खो दिया हो।












Click it and Unblock the Notifications