Gen-Z आंदोलन के अगुआ बालेन शाह कितने अमीर? नेपाल के PM की रेस में चल रहे हैं सबसे आगे
Nepal Balen Shah net worth: नेपाल में सोशल मीडिया बैन और भ्रष्टाचार के खिलाफ भड़के Gen-Z आंदोलन का तीसरा दिन भी जारी है। तनावपूर्ण हालात में नेपाली सेना ने बुधवार को पूरे देश में कर्फ्यू लगाने का ऐलान किया। सेना का कहना है कि यह कदम सार्वजनिक सुरक्षा बनाए रखने और अराजक तत्वों की गतिविधियों को रोकने के लिए जरूरी है। कर्फ्यू गुरुवार (11 सितंबर) सुबह 6 बजे तक लागू रहेगा।
इस राजनीतिक उथल-पुथल के बीच सोशल मीडिया पर एक नया नाम तेजी से उभर रहा है: काठमांडू के मेयर बालेन शाह। 'Gen Z' के युवा उन्हें नेपाल की नई उम्मीद मानते हैं और प्रधानमंत्री बनते देखने की इच्छा रखते हैं। बालेन शाह की लोकप्रियता केवल राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि इंजीनियरिंग, संगीत और सोशल मीडिया में भी उनका योगदान उन्हें खास बनाता है। आइए जानते हैं बालेन शाह की संपत्ति और कमाई

बालेन शाह की कुल संपत्ति
नेपाली मीडिया की रिपोर्ट्स के अनुसार, बालेन शाह की कुल संपत्ति लगभग 5 से 6 करोड़ नेपाली रुपये आंकी जाती है। उनकी मासिक आय करीब 3 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। यह आय उनके विभिन्न पेशों से आती है, जिसमें इंजीनियरिंग, राजनीति, संगीत और सोशल मीडिया से जुड़ी गतिविधियां प्रमुख हैं।
मेयर पद से आय
बालेन शाह इस समय काठमांडू महानगर पालिका के मेयर हैं। इस पद पर रहते हुए उन्हें हर महीने लगभग 46,000 रुपये वेतन मिलता है। हालांकि, उनकी असली कमाई राजनीति से नहीं, बल्कि अन्य पेशों से होती है।
इंजीनियरिंग बिजनेस से कमाई
बालेन शाह पेशे से सिविल इंजीनियर हैं और Balen Consulting & Construction Pvt. Ltd. के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। इसके अलावा उन्होंने Padma Group of Companies में डिप्टी जनरल मैनेजर के तौर पर भी काम किया है। निर्माण और परामर्श सेवाओं से उन्हें स्थायी आय मिलती है, जो उनकी कमाई का बड़ा हिस्सा है।
रैपर और संगीतकार के तौर पर लोकप्रियता
राजनीति और इंजीनियरिंग के अलावा बालेन शाह एक मशहूर रैपर और संगीतकार भी हैं। उन्होंने कई टीवी शो, रैप बैटल और म्यूजिक वीडियो में हिस्सा लिया है। गीत लेखन, म्यूजिक प्रोडक्शन और लाइव परफॉर्मेंस से उन्हें अतिरिक्त कमाई होती है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे फेसबुक, यूट्यूब और इंस्टाग्राम से भी उन्हें अच्छी-खासी आय होती है।
ये भी पढ़ें: कितनी संपत्ती के मालिक हैं नेपाली पीएम KP sharma oli? स्विस बैंक में भी जमा है 41 करोड़
Gen Z ने बालेन शाह को पीएम बनाने की मांग उठाई
नेपाल में 'Gen Z' युवाओं का गुस्सा अब एक नई दिशा ले चुका है। खासकर फेसबुक और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर मेयर बालेन शाह (Balen Shah Nepal New PM) के समर्थन में जबरदस्त माहौल है। हजारों लोग पोस्ट कर रहे हैं कि बालेन इस्तीफा देकर राष्ट्रीय राजनीति में कदम रखें और देश का नेतृत्व संभालें।
युवा अपनी टाइमलाइन पर लिख रहे हैं- "प्रिय बालेन, अभी नहीं तो फिर कभी नहीं"- और उनसे नई राजनीतिक पार्टी बनाकर नेपाल को नई दिशा देने की अपील कर रहे हैं। उनका कहना है कि नेपाल की तीनों प्रमुख पारंपरिक पार्टियों ने जनता को निराश किया है। ऐसे में बालेन शाह जैसे ईमानदार और बेदाग छवि वाले युवा नेता ही देश को भ्रष्टाचार और अस्थिरता से निकालकर तरक्की की राह पर ले जा सकते हैं।
ये भी पढ़ें: Nepal Gen Z Protest: नेपाल के PM केपी ओली ने दिया इस्तीफा, वित्त मंत्री को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा












Click it and Unblock the Notifications