Kamala Harris: क्या कमला हैरिस इंटरव्यू देने से डरती हैं? CNN पर ऐसा क्या हुआ, कि ट्रंप ने की भद्दी टिप्पणी?
Kamala Harris Interview: अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस, अपने साथी मिनेसोटा के गवर्नर टिम वाल्ज के साथ, राष्ट्रपति पद के लिए डेमोक्रेटिक उम्मीदवार बनने के बाद अपने पहले मीडिया इंटरव्यू के लिए CNN पर बैठीं, जिसमें उन्होंने सीएनएन पत्रकार डाना बैश के सवालों का सामना किया।
राष्ट्रपति उम्मीदवार बनने के बाद उनके पहले टीवी इंटरव्यू को लेकर लोगों में काफी उत्साह था, लेकिन डोनाल्ड ट्रंप ने इसे काफी 'बोरिंग' बताया और सवाल पूछा, कि कमला हैरिस का इंटरव्यू लाइव क्यों नहीं किया गया?

डोनाल्ड ट्रंप और उनके समर्थकों का कहना है, कि कमला हैरिस लाइव इंटरव्यू देने से डरती हैं।
लगभग 30 मिनट तक चले इस साक्षात्कार में, कमला हैरिस ने अमेरिका के लिए अपने एजेंडे को लोगों के सामने रखा, और इस बात पर जोर दिया, कि वह "इस काम को करने के लिए सबसे अच्छी व्यक्ति हैं"। 59 साल की कमला हैरिस ने यह भी घोषणा की, कि पदभार ग्रहण करने पर उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता मध्यम वर्ग के अमेरिकियों को महंगाई सहित आर्थिक चिंताओं को दूर करने में मदद करना होगी।
कमला हैरिस के क्या होंगे वैल्यू?
अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार बनने के बाद से कमला हैरिस को एक आलोचना का सामना करना पड़ा है, कि वह अपनी नीतियों के बारे में अस्पष्ट बनी हुई हैं और कुछ मुद्दों पर उलट-पुलट रही हैं।
इंटरव्यू को एक मौके के रूप में इस्तेमाल करते हुए, कमला हैरिस ने कहा, कि "मेरी नीतिगत नजरिए और निर्णयों का सबसे महत्वपूर्ण यह है, कि मेरे वैल्यू नहीं बदले हैं।"
अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने बताया, कि फ्रैकिंग (प्राकृतिक तेल और गैस जमीन के अंदर से निकालने का एक तरीका, जिसपर अमेरिका में विवाद रहा है) और सीमा सुरक्षा सहित मुद्दों पर उनका रुख 2019 में डेमोक्रेटिक राष्ट्रपति पद के लिए पहली बार रेस में शामिल होने के बाद से कैसे विकसित हुआ है। फ्रैकिंग पर - जिसका उन्होंने कभी विरोध किया था, उन्होंने कहा, कि "उपराष्ट्रपति के रूप में, मैंने फ्रैकिंग पर प्रतिबंध नहीं लगाया। राष्ट्रपति के रूप में, मैं फ्रैकिंग पर प्रतिबंध नहीं लगाऊंगी।"
उन्होंने कहा, "मैंने जो देखा है, वह यह है कि हम फ्रैकिंग पर प्रतिबंध लगाए बिना भी डेवलपमेट कर सकते हैं और एक समृद्ध स्वच्छ ऊर्जा अर्थव्यवस्था को बढ़ा सकते हैं।"
फ्रैकिंग, पेंसिल्वेनिया और ओहियो जैसे स्विंग स्टेट में एक महत्वपूर्ण मुद्दा है।
वहीं, प्रवास का मुद्दा, जो अमेरिका में एक ऐसा विषय है, जिस पर उनकी बहुत नरम होने के लिए आलोचना की गई है - कमला हैरिस ने कहा, कि राष्ट्रपति के रूप में वह सख्त कानून पर हस्ताक्षर करेंगी। अवैध रूप से सीमा पार करने वालों पर बोलते हुए, हैरिस ने कहा, "मेरा मानना है कि इसके परिणाम निकलने चाहिए। हमारे पास ऐसे कानून हैं, जिनका पालन किया जाना चाहिए और उन्हें लागू किया जाना चाहिए, जो अवैध रूप से हमारी सीमा पार करने वालों से निपटें।"
उन्होंने आगे कहा, कि "हमारी सीमा को सुरक्षित करने के लिए हमें क्या करने की जरूरत है, इसके बारे में मेरा वैल्यू नहीं बदला है। मैंने कैलिफोर्निया के अटॉर्नी जनरल के रूप में दो कार्यकाल अंतरराष्ट्रीय आपराधिक संगठनों पर मुकदमा चलाने में बिताए हैं।"
ट्रंप की तरह बयानबाजी में शामिल होने से इनकार
सीएनएन के साथ अपने इंटरव्यू में कमला हैरिस ने उस मामले में बातचीत करने से इनकार कर दिया, जिसमें डोनाल्ड ट्रंप ने उनकी पहचान पर हमला किया था।
जब एंकर ने कमला हैरिस से उनकी नस्लीय पहचान के बारे में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति की टिप्पणियों के बारे में पूछा, तो उन्होंने सवाल को टालते हुए कहा, कि यह उनकी "वही पुरानी थकी हुई रणनीति" का हिस्सा है।
उन्होंने आगे कहा, "नेक्स्ट क्वेश्चन, प्लीज।"
कमला हैरिस ने अपने इंटरव्यू में डोनाल्ड ट्रंप को एक विभाजनकारी चेहरे के रूप में पेश किया। उन्होंने कहा, कि वह "वास्तव में एक ऐसा एजेंडा और माहौल बना रहे हैं, जो हमारे चरित्र और अमेरिकी होने की ताकत को कम करने के बारे में है, वास्तव में हमारे देश को विभाजित कर रहा है।
उन्होंने आगे कहा, "और मुझे लगता है कि लोग इस पर विचार करने के लिए तैयार हैं।"
आपको बता दें, कि कमला हैरिस अपने चुनावी कैम्पेन में डोनाल्ड ट्रंप पर निशाना साधने से बच रही हैं और इंटरव्यू से लेकर रैलियों तक, ट्रंप के बारे में काफी कम बात कर रही हैं।
अगर राष्ट्रपति बनीं, तो पहले दिन क्या फैसले करेंगी?
कमला हैरिस ने इस दौरान बताया, कि अगर वह सत्ता में आती हैं तो उनकी राष्ट्रपति पद की योजना क्या होगी। उन्होंने CNN को बताया, कि अगर वह 5 नवंबर का चुनाव जीतती हैं तो उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता मध्यम वर्ग को मजबूत करना होगी। उन्होंने कहा, कि वह "मध्यम वर्ग का समर्थन करने और उसे मजबूत करने के लिए जो कुछ भी कर सकती हैं, वह करेंगी।"
उन्होंने कहा, कि "किराने के सामान की कीमतें अभी भी बहुत अधिक हैं। अमेरिकी लोग इसे जानते हैं। मैं इसे जानती हूं और यही कारण है कि मेरे एजेंडे में यह शामिल है कि किराने के सामान की कीमत कम करने के लिए हमें क्या करना चाहिए, उदाहरण के लिए, मूल्य वृद्धि जैसे मुद्दे से निपटना, इसको लेकर मैं काम करूंगी।"
कमला हैरिस ने कहा, "युवा परिवारों को उनके सबसे प्रारंभिक वर्षों में अपने बच्चों की देखभाल करने में सक्षम बनाने के लिए बाल कर क्रेडिट का विस्तार करने के लिए हमें क्या करने की आवश्यकता है। आवास की लागत को कम करने के लिए हमें क्या करने की आवश्यकता है, मेरे प्रस्ताव में पहली बार घर खरीदने वालों के लिए $25,000 का टैक्स क्रेडिट शामिल होगा।"
जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने उपराष्ट्रपति के रूप में इसे पहले ही क्यों नहीं आगे बढ़ाया, तो उन्होंने कहा, कि "हमें एक अर्थव्यवस्था के रूप में उबरना था"। कमला हैरिस ने यह भी कहा, कि वह अपने मंत्रिमंडल में एक रिपब्लिकन को मंत्री बनाने पर भी विचार करेंगी।
उन्होंने कहा, कि "मैंने अपना करियर विभिन्न प्रकार की राय को शामिल करने में बिताया है। मुझे लगता है, कि जब कुछ सबसे महत्वपूर्ण फैसले लिए जा रहे हों, तो उन लोगों का टेबल पर होना महत्वपूर्ण है, जिनके अलग-अलग विचार, अलग-अलग अनुभव हों।"
कमला हैरिस पर ट्रंप की भद्दी टिप्पणी
वहीं, रिपब्लिकन राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर कमला हैरिस के बारे में एक भद्दी टिप्पणी को फिर से पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने अपने लैंगिक भेदभावपूर्ण व्यवहार के इतिहास को फिर से दोहराया है और व्यक्तिगत हमलों के बजाय, मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने की अपनी पार्टी की अपीलों की अनदेखी की है।
मूल रूप से किसी अन्य यूजर की तरफ से शेयर की गई इस टिप्पणी में कमला हैरिस और हिलेरी क्लिंटन की तस्वीरें शामिल थीं, जिसके साथ कैप्शन था, "मजेदार है कि कैसे मुखमैथुन ने उनके दोनों करियर को अलग-अलग तरीके से प्रभावित किया..."
समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने बताया कि यह टिप्पणी सैन फ्रांसिस्को के पूर्व मेयर विली ब्राउन के साथ कमला हैरिस के पिछले रिश्ते और 1990 के दशक में मोनिका लेविंस्की और पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के बीच के संबंध के इर्द-गिर्द घूमती है।
वहीं, इंटरव्यू को लेकर डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, कि 'कमला हैरिस का इंटरव्यू एडिट किया हुआ था और उनका इंटरव्यू लाइव क्यों नहीं किया गया।' उन्होंने कहा, कि "इस इंटरव्यू को एडिट किया गया है, कई जगहों पर काटा गया है और ऐसा इसलिए, क्योंकि कमला हैरिस में लाइव इंटरव्यू देने की हिम्मत नहीं है।"












Click it and Unblock the Notifications