अब मस्जिद में PM ट्रूडो की हुई बेइज्जती, लगे 'शेम-शेम' के नारे, मंच पर बोलने तक नहीं दिया, वजह क्या है?
कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो को इजराइल-हमास युद्ध पर उनके स्टैंड को लेकर आलोचना की गई है। दरअसल, पीएम ट्रूडो हाल ही में टोरंटो की एक मस्जिद में पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें फलस्तीन समर्थकों के आक्रोश का सामना करना पड़ा।
मस्जिद में फिलिस्तीन समर्थकों ने 'शर्म करो-शर्म करो' के नारे लगाए। इतना ही नहीं, उन्हें मंच पर बोलने से रोकने की भी मांग की गई जिसके बाद प्रधानमंत्री ट्रूडो प्रदर्शनकारियों से दूरी बनाते हुए वहां से निकल पड़े।

यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें दिख रहा है कि मस्जिद से बाहर निकनले के बाद भी प्रदर्शनकारी पीएम ट्रूडो का पीछा नहीं छोड़ रहे हैं और उन पर फब्तियां कस रहे हैं। इस दौरान लोगों ने उनसे इजराइल और हमास के बीच युद्धविराम का आह्वान करने की मांग की।
'नरसंहार बंद करो' की तख्ती लिए हुए एक महिला ने ट्रूडो से पूछा, "आपके युद्धविराम का आह्वान करने से पहले कितने फिलिस्तीनी बच्चों का वध करने की आवश्यकता है?"
कम से कम 33 सांसदों ने हाल ही में कनाडाई प्रधानमंत्री को संबोधित एक पत्र पर हस्ताक्षर किए थे, जिसमें कनाडा से तत्काल युद्धविराम के आह्वान में शामिल होने और गाजा पट्टी के लिए एक मानवीय गलियारा खोलने में मदद करने के लिए कहा गया था।
दैनिक समाचार पत्र 'द टोरंटो सन' के मुताबिक, ट्रूडो शुक्रवार को टोरंटो के एटोबिकोक इलाके में एक मस्जिद में पहुंचे। उनकी इस यात्रा कार्यक्रम को लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से पहले कोई जानकारी नहीं दी गई थी।
हालांकि, बाद में पीएमओ ने ट्रूडो के टोरंटो में एक अंतरराष्ट्रीय मुस्लिम संगठन के कार्यक्रम में भाग लेने की पुष्टि की। एक लिखित बयान में, प्रवक्ता मोहम्मद हुसैन ने बताया कि यह कार्यक्रम पश्चिम एशिया की घटनाओं से प्रभावित मुस्लिम समुदाय के लोगों के लिए समर्थन के लिए आयोजित किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications