हाफिज सईद ने पेशावर में किया रैली को संबोधित, भारत-अमेरिका के खिलाफ जमकर उगला जहर
इस्लामाबाद। अमेरिका के कड़े व्यवहार और तीखे तंज के बाद भी पाकिस्तान सुधर नहीं रहा है और उसका झूठ एक बार फिर से सबके सामने आ गया है। वो भले ही कहे की मुंबई हमले के मास्टरमाइंड आतंकी हाफिज सईद के संगठन जमात उद दावा (जेयूडी) को ब्लैक लिस्ट कर दिया है, उसके सहयोगी जेयूडी के ट्विटर अकाउंट को भी सस्पेंड कर दिया है और उसकी सारी शक्तियों को नष्ट्र करने की कोशिश की जा रही है लेकिन सच्चाई तो ये है कि हाफिज सईद की सेहत पर कोई असर नहीं पड़ा है, उसने एक बार फिर से पेशावर में रैली को संबोधित किया है और जमकर अमेरिका और भारत के खिलाफ जहर उगला है।

'भारत को सुपर पॉवर बनने नहीं देंगे'
आपको बता दें कि आतंकी सरगना ने फोन के जरिए रैली को संबोधित किया है। उसने कहा कि हम किसी भी कीमत पर भारत को सुपर पॉवर बनने नहीं देंगे, उसकी कामयाबी हमारी नाकामी है और वो बर्दाश्त नहीं होगी।

अमेरिका के खिलाफ उगला जहर
उसने ट्रंप को भी नहीं बक्शा, उसने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के द्वारा येरूशलम को इजरायल की राजधानी बताना बिल्कुल गलत है। अमेरिका अपनी पोजिशन का गलत फायदा उठा रहा है।

अब हमें एक होने की जरूरत है: हाफिज सईद
वो जानबूझकर अफगानिस्तान की नाकामियों को छुपाना चाहता है इसलिए पाकिस्तान पर आरोप लगा रहा है, अब हमें एक होने की जरूरत है और समय आ गया है कि हम अमेरिका की मदद से छुटकारा पाएं और अपने देश को मजबूत बनाएं।

जमात उद दावा को ब्लैक लिस्ट किया था
हालांकि अभी हाल ही में अमेरिका के प्रेशर के बाद पाकिस्तान के गृह मंत्रालय द्वारा जारी किए गए ट्विटर के सस्पेंड अकाउंट्स की नई लिस्ट जारी की थी, जिसमें जमात उद दावा का नाम भी शामिल था, साथ ही उसने कहा था कि उसने जेयूडी के सहयोगी संगठन फलाह-ए-इंसानियत फाउंडेशन (एफआईएफ) का भी twitter अकाउंट सस्पेंड कर दिया है। पाकिस्तान ने ये कदम इसलिए उठाया था क्योंकि अमेरिका ने पाकिस्तान को दी जाने वाली 255 मिलियन डॉलर की सहायता राशि पर रोक लगा दी है।

ट्रंप ने पाकिस्तान को लगाई लताड़
गौरतलब है कि ट्रंप ने पाकिस्तान को काफी लताड़ लगाई थी, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई के नाम पर पाकिस्तान ने अमेरिका को अब तक सिर्फ मूर्ख ही बनाया है, इस बारे में राष्ट्रपति ने ट्वीट भी किया था, जिसमें उन्होंने लिखा था कि पिछले 15 सालों में अमेरिका ने 33 बिलियन डॉलर पाकिस्तान को देकर बेवकूफी की है, उसने कभी भी हमारी सही से मदद नहीं की, उल्टा वो हमें सिर्फ झूठ और धोखा देता है, जिन आतंकियों का हम अफगानिस्तान में पीछा करते हैं उन्हें वो अपनी जमीन पर पनाह देता है, वो नफरत और आतंक की फसल उगा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications