US President Election: बागी बने जो बाइडेन! राष्ट्रपति चुनाव की रेस से हटने से किया इनकार, पार्टी में बगावत?
US President Election: ऐसा लगता है, कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी छोड़ने के मूड में नहीं हैं और उन्होंने अब अपनी ही डेमोक्रेट्स पार्टी के नेताओं पर सीधा हमला किया है, जिन्होंने 27 जून को राष्ट्रपति पद की बहस में उनके कमजोर प्रदर्शन के बाद उन्हें दावेदार के रूप में पीछे हटने के लिए कहा है।
'मॉर्निंग जो' शो में एक पार्टी के खिलाफ बागी प्रतिक्रिया देते हुए राष्ट्रपति बाइडेन ने अपने पार्टी सहयोगियों को अगले महीने शिकागो में डेमोक्रेटिक नेशनल कन्वेंशन में इस मुद्दे को उठाने की चुनौती दी।

बाइडेन के बागी तेवर
बाइडेन ने 'मॉर्निंग जो' पर अपने आलोचकों पर पलटवार करते हुए कहा, कि "अगर इनमें से किसी को नहीं लगता कि मुझे चुनाव लड़ना चाहिए, तो मेरे खिलाफ चुनाव लड़ लें। आगे आएं और राष्ट्रपति उम्मीदवारी की घोषणा करें। कन्वेंशन में मुझे चुनौती दें।"
बाइडेन की टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब उनकी उम्र और उनका गिरता स्वास्थ्य, उनके पार्टी सदस्यों के लिए प्रमुख चिंता का विषय बना हुआ है। हाल ही में न्यूयर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट में कहा गया है, कि एक न्यूरोलॉजिस्ट, जो पार्किंसंस रोग का विशेषज्ञ है, वो पिछले आठ महीनों में आठ बार व्हाइट हाउस आया था और वो डॉक्टर एक बार राष्ट्रपति बाइडेन के डॉक्टर से भी मिला था।
हाल ही में पेंसिल्वेनिया में एक चर्च के कार्यक्रम के दौरान बाइडेन ने खुद को एक अजीब स्थिति में पाया, जब पादरी द्वारा मण्डली को खड़े होने के लिए कहने के बाद भी वे 25 सेकंड तक बैठे रहे। यह घटना फिलाडेल्फिया में एक चुनाव अभियान के दौरान हुई है। इससे पहले भी दर्जनों बार बाइडेन को कुछ से कुछ कहते हुए और खाली स्थान में हाथ चलाते हुए देखा जा चुका है।
डेमोक्रेटिक पार्टी में इस बात की चर्चा जोरों पर है, कि उन्हें रेस से बाहर हो जाना चाहिए, लेकिन बाइडेन का कहना है, कि वो डोनाल्ड ट्रम्प को हराने पर ध्यान केन्द्रित कर रहे हैं। बाइडेन ने राष्ट्रीय वित्त समिति के सदस्यों के साथ एक निजी बैठक में कहा, कि "मेरा एक ही काम है और वह है डोनाल्ड ट्रम्प को हराना। मुझे पूरा यकीन है कि मैं ऐसा करने में सक्षम सबसे अच्छा व्यक्ति हूं।"
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगर बाइडेन पीछे हटने का फैसला करते हैं, तो डेमोक्रेट्स ने उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के अलावा भी कुछ अन्य विकल्प पेश किए हैं। मिशिगन और कैलिफोर्निया के गवर्नर ग्रेचेन व्हिटमर और गेविन न्यूजॉम से लेकर पेंसिल्वेनिया और इलिनोइस के गवर्नर जोश शापिरो और जे बी प्रिट्जकर तक, कई नाम सामने आए हैं। हालांकि, विशेषज्ञों के अनुसार, कमला हैरिस अब तक सबसे पसंदीदा उम्मीदवार बनी हुई हैं।
इस बीच, अमेरिका की प्रथम महिला जिल बाइडेन ने अपने पति के लिए अपना समर्थन मजबूती से जाहिर किया है, तो बेफिक्र बाइडेन ने कहा है, कि "मैं अब यह नहीं बताने जा रहा हूं, कि मुझे क्या करना चाहिए या क्या नहीं करना चाहिए। मैं चुनाव लड़ रहा हूँ। मैं चुनाव लड़ रहा हूं, और अगर आप मुझे रोकना चाहते हैं, तो मैदान में आइए।"
बाइडेन, 9 जुलाई को (अमेरिकी समयके मुताबिक) वाशिंगटन में 75वें नाटो शिखर सम्मेलन की मेजबानी भी करने वाले हैं। बाइडेन के सहयोगियों ने कहा है, कि तीन दिवसीय कार्यक्रम के बाद बाइडेन के समर्थन में आक्रामक अभियान चलाया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications