इजराइल को हथियार, गाजा को 100 मिलियन डॉलर की मदद… ये कैसा डबल गेम खेल रहा अमेरिका?
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने बुधवार को युद्ध ग्रस्त गाजा और वेस्ट बैंक को मानवीय सहायता के रूप में 100 मिलियन डॉलर देने की घोषणा की है। इजराइल की राजधानी तेल अवीव की अपनी संक्षिप्त यात्रा के दौरान एक संबोधन में, बाइडेन ने कहा कि गाजा के लोगों को भोजन, पानी, दवा और आश्रय की आवश्यकता है।
बाइडेन ने यह भी कहा कि उन्होंने इजरायली कैबिनेट से गाजा में नागरिकों को जीवन रक्षक मानवीय सहायता देने पर सहमत होने का आग्रह किया है। बाइडेन ने कहा, "यह पैसा 1 मिलियन से अधिक विस्थापित और संघर्ष प्रभावित फिलिस्तीनियों की मदद करेगा।"

जो बाइडेन ने कहा कि हमारे पास इस पैसे को ट्रैक करने की व्यवस्था होगी ताकि हम ये सुनिश्चित कर सकें ये पैसा जरूरतमंदों तक पहुंच रहा है और हमास या अन्य आतंकी समूह इसका इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपनी समापन टिप्पणी के दौरान कहा, "आप एक यहूदी राज्य हैं लेकिन आप एक लोकतंत्रिक देश भी हैं। आप आतंकवादियों के नियमों से नहीं जीते हैं, आप कानून के शासन से जीते हैं।"
"जब संघर्ष भड़कते हैं, तो आप युद्ध के कानून के अनुसार जीते हैं। जो बात हमें आतंकवादियों से अलग करती है वह यह है कि हम हर मानव जीवन की मौलिक गरिमा में विश्वास करते हैं।"
हमास के साथ संघर्ष में अमेरिका द्वारा इजराइल का समर्थन करने पर अपना रुख दोहराते हुए, बाइडेन ने कहा, "इजराइल पर हमला करने के बारे में सोचने वाले किसी भी देश या किसी अन्य शत्रुओं को मेरा संदेश वही है जो मैंने एक सप्ताह पहले था - मत करो। मत करो। मत करो।"
जो बाइडेन ने 10/7 को हमास द्वारा इजरायल पर किए गए हमले की तुलना अमेरिका में 9/11 के ट्विन टावर हमले से की। उन्होंने कहा- हम जानते हैं कि लोग इसकी तुलना ट्विन टावर हमले से कर रहे हैं। लेकिन यह इजराइल जैसे छोटे आकार के देश के लिए 9/11 की तुलना में 15 गुना अधिक घातक था।
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने इजराइल को सलाह देते हुए कहा, "9/11 के बाद US ने गुस्से में जो गलतियां की, उन्हें ना दोहराएं।" बाइडन ने अपने दौरे पर कहा, "मैं आगाह कर रहा हूं कि जब आप उस गुस्से को महसूस कर रहे हों, तो उससे प्रभावित न हों।
वहीं, अमेरिका द्वारा गाजा और वेस्ट बैंक को सहायता की घोषणा किए जाने पर इजराइल ने कहा है कि जब तक अपहृत लोग वापस नहीं आ जाते, इजराइल अपने क्षेत्र से गाजा पट्टी तक किसी भी मानवीय सहायता की अनुमति नहीं देगा।
प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने एक बयान जारी कर कहा कि इजराइल अपने अपहृत लोगों से मिलने के लिए रेड क्रॉस की मांग करता है और इस मांग के लिए व्यापक अंतरराष्ट्रीय समर्थन जुटाने के लिए काम कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications