कोरोना को रोकने में रहे नाकाम, नैतिकता के आधार पर प्रधानमंत्री पद छोड़ेंगे जापान के पीएम योशिहिदे सुगा
कोरोना वायरस को कंट्रोल करने में नाकाम रहे जापान के पीएम योशिहिदे सुगा ने पीएम पद छोड़ने का फैसला किया है।
टोक्यो, सितंबर 03: कोरोना वायरस को कंट्रोल करने में नाकामी का आरोप झेलने वाले जापान के प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा, नैतिकता के आधार पर अपना पद छोड़ देंगे। जापानी न्यूज चैनल क्योडो ने शुक्रवार को कहा है कि इस महीने सत्ताधारी पार्टी के नेता के दौर में योशिहिदे सुगा शामिल नहीं होंगे। सिर्फ एक साल के कार्यकाल के बाद ही योशिहिदे सुगा अपना पद छोड़ रहे हैं। जापान में डिजिटलकरण को बढ़ावा देने और प्रशासनिक स्तर पर कई सुधार कार्यक्रम चलाने के चलते योशिहिदे सुगा को काफी पसंद किया जाता था, लेकिन कोरोना वायरस को लेकर उन्होंने जो कदम उठाए, वो नाकाफी साबित हुए और अब उन्होंने फैसला किया है कि उन्हें पद छोड़ देना चाहिए।
Recommended Video

पद छोड़ेंगे जापानी प्रधानमंत्री
आपको बता दें कि पिछले साल खराब स्वास्थ्य की वजहों से शिंजो आबो ने प्रधानमंत्री पद छोड़ दिया था, जिसके बाद योशिहिदे सुगा को जापान का अगला प्रधानमंत्री बनाया गया था। लेकिन, योशिहिदे सुगा पर कोरोना वायरस को सही तरीके से कंट्रोल नहीं करने के आरोप लगे। जापान में पिछले एक साल में कई प्रांतों में बार बार आपातकाल लगाया गया, जिसकी वजह से योशिहिदे सुगा की लोकप्रियता लगातार गिरती चली गई। जापान में इसी साल आमसभा चुनाव होने हैं, लेकिन उससे पहले ही योशिहिदे सुगा ने अपना पद छोड़ने का ऐलान कर दिया है। जापानी मीडिया के मुताबिक, योशिहिदे सुगा की लोकप्रियता का ग्राफ 30 फीसदी गिर चुका था और देश में उनकी काफी आलोचना की जा रही थी।

सुगा का हर प्लान रहा नाकामयाब
जापानी मीडिया के मुताबिक, योशिहिदे सुगा ने कोरोना वायरस को कंट्रोल करने के लिए कई कोशिशें की, उन्होंने अपने कैबिनेट को बार बार बदला, बावजूद उनको कामयाबी नहीं मिली। वहीं, जापानी राजनीति के मुताबिक, 29 सितंबर को योशिहिदे सुगा की पार्टी में अगले प्रधानमंत्री पद के लिए नेता का चुनाव होना है, और जिस नेता के नाम का चुनाव किया जाएगा, वही देश का अगला प्रधानमंत्री बनेगा, क्योंकि सुगा की पार्टी एलडीपी के पास नीचले सदन में बहुमत है। लेकिन, योशिहिदे सुगा ने 29 सितंबर को होने वाली बैठक से अपना नाम वापस ले लिया है। वहीं, जापान की सरकार 17 अक्टूबर को देश में आम चुनाव कराने पर विचार कर रही है। रॉयटर्स की खबर के मुताबिक, एक बार फिर से सुगा अपने कैबिनेट में फेरबदल करने का विचार कर रहे थे, जो अब मान्य नहीं होगा।

फुमियो किशिदा बन सकते हैं अगले पीएम
समाचार एजेंसी रॉयटर्स को नाम नहीं छापने की शर्त पर पार्टी के दो बड़े सूत्रों ने बताया कि पूर्व विदेश मंत्री फुमियो किशिदा पार्टी नेता पद के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। गुरुवार को किशिदा ने सुगा के कोरोनावायरस को कंट्रोल करने में फेल रहने को लेकर आलोचना की थी और महामारी से निपटने के लिए आर्थिक पैकेज देने की मांग की थी। वहीं पिछले साल के विपरीत इस साल एलडीपी के सांसदों के साथ जमीनी स्तर के नेता भी अपना नेता चुनने के लिए वोट डालेंगे, लिहाजा कौन जीतेगा, इसका फैसला करना इतना आसान नहीं होगा। लेकिन, माना जा रहा है कि पार्टी के नये सांसद अपने वरिष्ठ नेताओं के हुक्म की अवहेलना नहीं करेंगे, क्योंकि उन्हें अपनी सीट खोने का डर रहेगा। आपको बता दें कि जब सुगा ने पीएम प्रत्याशी पद के लिए कैम्पेनिंग शुरू की थी, तो उन्हें 70 फीसदी समर्थन हासिल हुआ था, जो अब गिरकर 30 फीसदी तक पहुंच चुका है।












Click it and Unblock the Notifications