जापानी PM के साथ प्रधानमंत्री मोदी ने की बुलेट ट्रेन की सवारी, ट्रेंनिंग ले रहे भारतीय लोको पायलटों से भी मिले
PM Modi Takes Bullet Train Ride: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों जापान की दो दिवसीय यात्रा पर हैं, जहां वे 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं। यह दौरा भारत और जापान के बीच गहरी होती रणनीतिक साझेदारी और सहयोग का अहम संकेत माना जा रहा है।
शनिवार को पीएम मोदी ने अपने जापानी समकक्ष शिगेरू इशिबा के साथ बुलेट ट्रेन में सफर करते हुए टोक्यो से सेंडाई तक का सफर किया। जापानी प्रधानमंत्री ने इस यात्रा की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर साझा कीं। इसके अलावा, दोनों नेताओं ने जेआर ईस्ट में प्रशिक्षण ले रहे भारतीय रेल चालकों से भी मुलाकात की।

भारतीय रेल चालकों से मेरा नमस्कार- जापानी PM
जापानी प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तस्वीरें साझा कीं और लिखा - 'प्रधानमंत्री मोदी के साथ सेंडाई...'। इसके बाद दोनों नेताओं ने जेआर ईस्ट प्रशिक्षण केंद्र का दौरा किया, जहां भारतीय रेल चालकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जापानी पीएम इशिबा ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा , 'जेआर ईस्ट में प्रशिक्षण ले रहे भारतीय रेल चालकों से मेरा नमस्कार।'
भारत में तेजी से बुलेट ट्रेन परियोजना पर चल रहा है काम
भारत में मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है, जिसे भारत-जापान साझेदारी की सबसे बड़ी परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है। आने वाले कुछ सालों में यह सेवा शुरू हो जाएगी। भारत का लक्ष्य देश में लगभग 7,000 किलोमीटर लंबा हाई-स्पीड रेल नेटवर्क तैयार करना है, जिसका बड़ा हिस्सा 'मेक इन इंडिया' के तहत विकसित होगा। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए भारत से लोको पायलटों को जापान भेजा गया है, जहां वे बुलेट ट्रेन चलाने की उन्नत तकनीक और संचालन की ट्रेनिंग ले रहे हैं।
ये भी पढ़ें क्या है India Japan People to People Connect Agreement? जिसके जरिए 50 हजार भारतीय जाएंगे जापान
जापान के 16 प्रांतों के गवर्नरों से भी मिले पीएम मोदी
वहीं पीएम मोदी ने टोक्यो से रवाना होने से जापान के 16 प्रांतों के गवर्नरों से भी मुलाकात की। इस बैठक में उन्होंने भारत और जापान के राज्यों व प्रांतों के बीच गहरे सहयोग पर जोर दिया। जापान के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन के दौरान शुरू की गई राज्य-प्रांत साझेदारी पहल के तहत सहयोग को और मजबूत बनाने का आह्वान किया। मोदी ने कहा कि यह पहल दोनों देशों की साझा प्रगति और विकास के लिए अहम साबित होगी।
ये भी पढ़ें PM Modi in Japan: स्पेस से रक्षा सहयोग तक, जापानी अखबार को दिए इंटरव्यू में बोले पीएम मोदी, पढ़ें खास बातें












Click it and Unblock the Notifications