जापान प्लेन हादसा: विमानों की टक्कर में कोस्ट गार्ड के 5 सदस्यों की मौत, घायल पायलट ने कूदकर बचाई अपनी जान
जापान की राजधानी टोक्यो के हानेडा एयरपोर्ट पर दो प्लेन में टक्कर हो गई जिसके बाद उनमें आग लग गई। रिपोर्ट के मुताबिक लैंडिंग से पहले विमान कोस्ट गार्ड के प्लेन से टकरा गया। मिली जानकारी के मुताबिक कोस्ट गार्ड के प्लेन में मौजूद 5 क्रू मेंबर्स की मौत हो गई है। वहीं एक अन्य क्रू मेंबर घायल होने के बाद विमान से निकलने में कामयाब रहा।
वहीं, जापान एयरलाइंस के विमान में सवार सभी 379 यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। जापान के हनेडा एयरपोर्ट के रनवे पर दो विमानों की टक्कर के बाद लगी आग दो घंटे बाद भी बुझी नहीं है। फायर डिपार्टमेंट के कर्मचारी आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं।

द जापान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक कोस्टगार्ड का विमान सोमवार को आए भूकंप के बाद प्रभावित इलाके की सहायता के लिए आपूर्ति लेकर निगाटा प्रान्त में एक बेस के लिए उड़ान भरने के मिशन पर था।
Recommended Video
ऐसा कहा जा रहा है कि संभवतः जापान एयरलाइंस का विमान लैंड होते समय रनवे पर खड़े कोस्ट गार्ड के विमान से टकराया और दोनों में भीषण आग लग गई। आग की वजह से ये विशाल विमान पूरी तरह जलकर खाक हो गया है और आसमान में धुआं ही धुआं हो गया है। दर्जनों दमकल की गाड़ियां आग को काबू करने की कोशिश कर रही हैं।
जापानी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जापान एयरलाइंस का विमान मंगलवार शाम करीब 4 बजे न्यू चितोसे एयरपोर्ट से रवाना हुआ था। ये 5:40 बजे टोक्यो लैंड होने वाला था। हादसे के बाद हानेडा एयरपोर्ट के सभी रनवे को बंद कर दिया गया है। कई फ्लाइट्स को नरिता एयरपोर्ट की तरफ डायवर्ट किया जा रहा है।
जापानी प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने संबंधित एजेंसियों को क्षति का तेजी से आकलन करने और जनता को सभी जानकारी प्रदान करने का निर्देश दिया है। एनएचके की रिपोर्ट के अनुसार परिवहन और पर्यटन मंत्रालय ने कहा कि वह घटना की जांच कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications