जापान: चाकू के साथ ट्रेन में घुसे शख्स ने लगाई आग, 8 लोग घायल
टोक्यो, 31 अक्टूबर: जापान की राजधानी टोक्यो में एक शख्स चाकू लेकर ट्रेन में चढ़ गया। इसके बाद उसने वहां पर आग लगाने की कोशिश की। जिससे चारों ओर अफरा-तफरी फैल गई। इस घटना में 8 लोगों के घायल होने की खबर है। जिसमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही। हालांकि बाद में आरोपी को हिरासत में ले लिया गया और उससे पूछताछ की जा रही है।

जापानी मीडिया के मुताबिक ट्रेन में चढ़े आरोपी के पास चाकू था। इसके अलावा वो अपने साथ कुछ ज्वलनशील तरल पदार्थ भी लेकर चढ़ा। बाद में उसने चारों तरफ उसे फैलाकर आग लगा दी। जिससे हर ओर धुंआ फैल गया। ट्विटर पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में लोगों को स्टेशन पर कीयो लाइन ट्रेन से बचने के लिए खिड़कियों से चढ़ते हुए दिखाया गया है। घटना रात 8 बजे की है, लेकिन आम चुनाव में मतदान की वजह से ट्रेन कंपनी के अधिकारी तुरंत मौके पर नहीं पहुंच सके।
वहीं क्योडो न्यूज ने रविवार को दावा किया कि हमले में 15 लोग घायल हुए हैं, जबकि एनएचके ने घायलों की संख्या 8 बताई है। साथ ही कहा कि संदिग्ध ने पहले घटनास्थल से भागने की कोशिश की, लेकिन बाद में उसने खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। वैसे तो जापान में बंदूक को लेकर सख्त कानून हैं, लेकिन कई बार वहां पर हिंसक घटनाएं होती हैं, जिसमें चाकू जैसी चीजों को इस्तेमाल किया जाता है।
2019 में हुई थी ऐसी घटना
2019 में भी जापान में ऐसी घटना हुई थी, जहां एक स्कूली छात्रा समेत दो लोगों की हत्या एक सिरफिरे ने कर दी थी। उस दौरान एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए थे। हमलावर ने तब बच्चों को निशाना बनाया जब वो बस का इंतजार कर रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications