‘यूरोप में इस्लाम की कोई जगह नहीं’, इटली पीएम मेलोनी ने मुसलमानों को लेकर फिर दिया विवादित बयान
इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी एक बार फिर से इस्लाम विरोधी बयान को लेकर चर्चा में आ गई हैं। प्रधानमंत्री मेलोनी ने इस्लामिक संस्कृति का मजाक उड़ाते हुए कहा है कि यूरोप में इस्लाम के लिए कोई जगह नहीं है।
हिन्दुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक इटली पीएम ने कहा, ''मेरा मानना है कि इस्लामी संस्कृति और हमारी सभ्यता के मूल्यों और अधिकारों के बीच सामंजस्य नहीं है। ये दोनों परस्पर विरोधी हैं।''

मेलोनी ने कहा, "इटली में इस्लामी सांस्कृतिक केंद्रों को सऊदी अरब द्वारा वित्त पोषित किया जाता है जहां शरिया लागू है। यूरोप में हमारी सभ्यता के मूल्यों से बहुत दूर इस्लामीकरण की प्रक्रिया चल रही है!"
इटली पीएम की ये टिप्पणियां रोम में उनकी धुर दक्षिणपंथी पार्टी- ब्रदर्स ऑफ इटली- द्वारा आयोजित एक राजनीतिक उत्सव की मेजबानी के बाद आई हैं, जिसमें ब्रिटिश प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने भाग लिया था।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक सप्ताहांत पर इटली के आधिकारिक दौरे पर हैं। अपने भाषण में सुनक ने कहा कि अवैध प्रवासन से यूरोप के प्रभावित होने का खतरा है। उन्होंने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय कानूनों को अपडेट करने का सही समय है।
सुनक ने कहा कि दुश्मन यूरोपीय समाज को अस्थिर करने की कोशिश कर सकते हैं। वे जानबूझकर लोगों को हमारे तटों पर लाकर आव्रजन को एक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर सकते हैं। उन्होंने आगे कहा, अगर हम इस (अवैध प्रवास) समस्या से नहीं निपटते हैं तो उनकी (अवैध प्रवासियों की) संख्या बढ़ती ही जाएगी।
सुनक ने कहा कि अवैध प्रवास हमारे देशों और उन लोगों की मदद करने की हमारी क्षमता को प्रभावित करेगा, जिन्हें वास्तव में हमारी मदद की सबसे ज्यादा जरूरत है। अगर हमें अपने कानूनों को अपडेट करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बातचीत की मेजबानी करने की जरूरत है, तो हमें ऐसा करना चाहिए।
ब्रिटिश पीएम ने कहा कि अगर हमने अभी इस समस्या का समाधान नहीं किया तो नावें आती रहेंगी। समुद्र में और लोगों की जानें जाएंगी। ब्रिटिश-भारतीय प्रधानमंत्री ने आगे कहा, आपराधिक गिरोह अपना गलत व्यापार चलाने का सस्ता तरीका ढूंढ लेंगे। वे हमारी मानवता का शोषण करेंगे। जब वे लोगों को समुद्र में इन नौकाओं में डालते हैं तो वे उनके जीवन को खतरे में डालते हैं और इस बारे में कुछ नहीं सोचते हैं।












Click it and Unblock the Notifications