'#Melodi' पर आया इटली की पीएम मेलोनी का बयान, पीएम मोदी के साथ वीडियो पोस्ट कर जानिए क्या कहा
G7 Summit: इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी और पीएम मोदी की सेल्फी के बाद अब दोनों का वीडियो सामने आया है। बीते साल पीएम मोदी के साथ फोटो पोस्ट करते हुए मेलोनी ने #Melodi के हैशटैग का इस्तेमाल किया था। जिसके बाद इटली की पीएम मेलोनी और भारत के पीएम एक साथ 'मेलोडी' के नाम से फेमस हो गए।
एक बार फिर मेलोनी ने 'मेलोडी' के नाम से वीडियो पोस्ट किया है। वीडियो में जॉर्जिया मेलोनी और प्रधानमंत्री मोदी मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं। मेलोनी के वीडियो पोस्ट करते ही लोग इसे तेजी से शेयर करने लगे। 30 मिनट के अंदर ही ये वीडियो वायरल हो गया और एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर हैशटैग मेलोडी (#Melodi) ट्रेंड करने लगा।

4 सेकंड के इस वीडियो में जॉर्जिया मेलोनी मुस्कुराते हुए और हाथ हिलाते हुए कहती हैं, "हेलो फ्रॉम द मेलोडी टीम" (मेलोडी टीम की तरफ से नमस्कार) वहीं उनके पीछे खड़े मोदी भी उनके साथ हाथ हिलाते हुए हंसते नजर आ रहे हैं।
Hi friends, from #Melodi pic.twitter.com/OslCnWlB86
— Giorgia Meloni (@GiorgiaMeloni) June 15, 2024
यह वीडियो 50वें G7 शिखर सम्मेलन के दौरान का है। G7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए मेलोनी के निमंत्रण पर पीएम मोदी शुक्रवार को इटली पहुंचे थे। सम्मेलन में शामिल होने के बाद पीएम मोदी आज, शनिवार 15 जून को वापस भारत लौट चुके हैं।
जिसके बाद इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी ने पीएम मोदी के साथ सेल्फी मोड पर रिकॉर्ड की गई वीडियो पोस्ट की है। बता दें, लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी की यह पहली विदेश यात्रा थी।
वीडियो से पहले इटली के अपुलीया में आयोजित शिखर सम्मेलन के दौरान मेलोनी द्वारा पीएम मोदी के साथ सेल्फी लेते हुए एक तस्वीर भी इंटरनेट पर जमकर शेयर की जा रही थी। तस्वीर में दोनों नेता मुस्कुराते हुए सेल्फी लेते नजर आ रहे थे।

पिछले साल भी, दुबई में COP28 जलवायु शिखर सम्मेलन के मौके पर दोनों नेताओं द्वारा क्लिक की गई सेल्फी जमकर वायरल हुई थी। इस फोटो को शेयर करते हुए इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने कैप्शन दिया था, "COP28 में अच्छे दोस्त। #Melodi"
Good friends at COP28.#Melodi pic.twitter.com/g0W6R0RJJo
— Giorgia Meloni (@GiorgiaMeloni) December 1, 2023
यहीं से मेलोनी और मोदी के लिए 'मेलोडी' शब्द का यूज नेटिजन्स ने शुरू किया था। एक बार फिर पीएम मोदी और जॉर्जिया मेलोनी के मुलाकात की तस्वीरों और वीडियो का इंतजार कर रहे इंटरनेट यूजर्स के चेहरे पर यह वीडियो देख कर मुस्कान तैर गई है। दोनों ही देशों के पीएम के बीच अच्छा संबंध दोनों देश के अच्छे रिश्ते को भी दर्शाता है।
पीएम मोदी-जॉर्जिया मेलोनी ने द्विपक्षीय संबंधों पर की चर्चा
पीएम मोदी ने शुक्रवार को G7 शिखर सम्मेलन से इतर इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी से द्विपक्षीय संबंधों पर भी चर्चा की। पीएम ऑफिस के अनुसार, जियोर्जिया मेलोनी ने प्रधानमंत्री के रूप में लगातार तीसरे कार्यकाल के लिए पीएम मोदी को बधाई दी। पीएम मोदी ने जी7 आउटरीच शिखर सम्मेलन में भाग लेने के निमंत्रण के लिए इटली की पीएम मेलोनी को धन्यवाद दिया और कार्यक्रम के सफल समापन के लिए उनकी सराहना की।












Click it and Unblock the Notifications