अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के बीच इजराइल में बवाल, PM नेतन्याहू ने रक्षा मंत्री को अचानक किया बर्खास्त
Israel News: अमेरिका में चल रहे राष्ट्रपति चुनाव के बीच इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने घरेलू राजनीति और इजराइल के युद्ध प्रयासों पर मतभेदों को लेकर देश के रक्षा मंत्री योआव गैलेंट को बर्खास्त कर दिया है।
मंगलवार शाम को रिकॉर्ड किए गए एक बयान में नेतन्याहू ने कहा है, कि "पिछले महीनों के दौरान, मेरे और रक्षा मंत्री के बीच यह विश्वास टूट गया है।" प्रधानमंत्री कार्यालय ने मंगलवार को कहा, कि वर्तमान में विदेश मंत्री इजराइल कैट्ज रक्षा मंत्री बनेंगे और कैट्ज की जगह गिदोन सा'र विदेश मंत्री होंगे।

वहीं, गैलेंट ने इस फैसले के सार्वजनिक होने के तुरंत बाद ही इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त की, और एक्स पर पोस्ट किया कि "इजराइल की सुरक्षा मेरा आजीवन मिशन रहा है और हमेशा रहेगा।"
क्यों बर्खास्त किए गये इजराइली रक्षा मंत्री?
इजराइल के राजनीतिक वर्ग ने लंबे समय से अनुमान लगाया था, कि नेतन्याहू रक्षा मंत्री गैलेंट को बर्खास्त कर देंगे और अपनी घरेलू शक्ति को मजबूत करने के लिए उनकी जगह किसी राजनीतिक सहयोगी को नियुक्त करेंगे। नेतन्याहू ने अपने नाज़ुक शासकीय गठबंधन पर पकड़ बनाए रखने के लिए संघर्ष किया है, जो प्रतिस्पर्धी हितों का एक समूह है, जिसका पतन उनके नेतृत्व के अंत का संकेत हो सकता है।
दोनों के बीच संबंध कभी-कभार ही सौहार्दपूर्ण और अक्सर कटु रहे। हमास के साथ बातचीत की स्थिति, इजराइल की सैन्य रणनीति और 2023 में न्यायपालिका में व्यापक बदलाव लाने के नेतन्याहू के प्रयास को लेकर उनके बीच अकसर मतभेद की खबरें आती रहीं।
नेतन्याहू और गैलेंट अक्सर गाजा में युद्ध को लेकर असहमत रहे हैं। अगस्त में, गैलेंट ने बंद कमरे में नेसेट समिति (संसदीय समिति) से कहा था, कि गाजा में "पूर्ण विजय" का नेतन्याहू का लक्ष्य "बकवास" है। इजराइली मीडिया के मुताबिक, इसके बाद नेतन्याहू ने प्रेस बयान जारी करके गैलेंट पर "इजरायल विरोधी बयान" अपनाने का आरोप लगाया।
गैलेंट ने गाजा-मिस्र सीमा पर फिलाडेल्फी कॉरिडोर के रूप में जाने जाने वाले क्षेत्र की पट्टी पर इजराइल के नियंत्रण पर नेतन्याहू के जिद की भी कड़ी आलोचना की थी और इसे "नैतिक अपमान" कहा था। कैबिनेट में, उन्होंने वहां निरंतर कब्जे के खिलाफ मतदान किया, इसे युद्धविराम और बंधक सौदे में बाधा के रूप में देखा। उन्होंने कहा, "अगर हम बंधकों को जीवित रखना चाहते हैं, तो हमारे पास समय नहीं है।"












Click it and Unblock the Notifications