बहुत खतरनाक गेम खेल रहा हिज्बुल्लाह, बर्बादी के अलावा कुछ नहीं मिलेगा... इजराइली सेना ने लेबनान को चेताया
Israeli Military on Hezbollah: इजरायली सेना ने रविवार को चेतावनी देते हुए कहा है, कि आतंकवादी समूह हिज्बुल्लाह, लेबनान को युद्ध में धकेलना चाहता है, जो काफी खतरनाक खेल है।
आपको बता दें, कि इजराइली सेना की तरफ से ये बयान उस वक्त आया है, जब लेबनान से संचालित होने वाला आतंकी संगठन हिज्बुल्लाह, लगातार सीमा पार से इजराइल की तरफ बमबारी कर रहा है और रॉकेट दाग रहा है। जिसका जवाब देने के लिए इजराइली सेना भी हिज्बुल्लाह को निशाना बना रही है, लिहाजा एक बड़ा संघर्ष भड़कने की आशंका बढ़ गई है।

इज़राइल रक्षा बल (आईडीएफ) के प्रवक्ता जोनाथन कॉनरिकस ने चेतावनी दी है, कि "हिज्बुल्लाह... लेबनान को एक ऐसे युद्ध में घसीट रहा है, जिससे उसे कुछ हासिल नहीं होगा, लेकिन बहुत कुछ खोना पड़ेगा।"
पिछले दो हफ्तों में दक्षिणी लेबनान में इजरायली सेना और हिजबुल्लाह के बीच बार-बार झड़पें देखी गईं हैं, और काफी आशंका बढ़ गई है, इजराइल-हमास संघर्ष के बीच एक नया मोर्चा खोला जा सकता है। जिसको लेकर चेतावनी देते हुए इजरायली सैन्य प्रवक्ता ने कहा, कि हिजबुल्लाह "बहुत, बहुत खतरनाक खेल" खेल रहा है। उन्होंने कहा, "वे स्थिति को खतरनाक बना रहे हैं।"
लेबनान होगा युद्ध में शामिल?
इजराइल डिफेंस फोर्स ने कहा है, कि वे हर दिन ज्यादा से ज्यादा हमले देख रहे हैं। लिहाजा, उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, कि "क्या लेबनानी राज्य वास्तव में गाजा में आतंकवादियों की खातिर लेबनानी समृद्धि और लेबनानी संप्रभुता के बचे हुए हिस्से को खतरे में डालने को तैयार है?"
उन्होंने पूछा, कि "यह एक ऐसा सवाल है, जिसे लेबनानी अधिकारियों को खुद से पूछने और जवाब देने की ज़रूरत है।"
इजराइली सेना की ये चेतावनी उस वक्त आई है, जब हिज्बुल्लाह के एक शीर्ष अधिकारी ने चेतावनी दी थी, कि जब भी इजराइल गाजा पट्टी में जमीनी हमला शुरू करेगा, तो उसे बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी और शनिवार को कहा, कि लेबनान में स्थित उसका आतंकवादी समूह पहले से ही "लड़ाई के केंद्र में है।"
हिज़्बुल्लाह के उप नेता शेख नईम कासेम की टिप्पणी तब आई है, जब इज़रायल ने दक्षिणी लेबनान में गोलाबारी और ड्रोन हमले किए और हिज़्बुल्लाह ने इज़रायल की ओर रॉकेट और मिसाइलें दागीं। हिजबुल्लाह ने कहा, कि शनिवार को उसके छह लड़ाके मारे गए, जो दो सप्ताह पहले शुरू हुई हिंसा के बाद सबसे बड़ी संख्या है।
हिज्बुल्लाह के लिए, लेबनान-इज़राइल सीमा को तनावपूर्ण रखने के पीछे साफ मकसद है। कासेम ने कहा, "हम इजरायली दुश्मन को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं और उन्हें बता रहे हैं, कि हम तैयार हैं।" हमास के अधिकारियों ने कहा है, कि अगर इज़राइल गाजा में जमीनी हमला शुरू करता है, तो हिजबुल्लाह लड़ाई में शामिल हो जाएगा।

लेबनान-इजराइल साक्षा करते हैं सीमा
इजराइल और हमास के बीच रविवार को लड़ाई 16वें दिन में प्रवेश कर गया है और दोनों पक्षों में घातक जंग हो रही है। इजराइल ने गाजा पट्टी को तहस-नहस कर दिया है।
फिलिस्तीनी संगठन हमास के हमले के बाद से दो सप्ताह में लेबनान-इज़राइल सीमा पर गोलीबारी में तेजी आई है, जिसमें दक्षिणी इज़राइल में 1,400 से ज्यादा नागरिक और सैनिक मारे गए थे। एजेंसियों के मुताबिक, गाजा पर जवाबी इजरायली हवाई हमलों में 4,000 से ज्यादा फिलिस्तीनी मारे गए हैं।
ऐसी आशंकाएं हैं, कि हिज़्बुल्लाह उत्तरी इज़राइल पर बड़े पैमाने पर हमले के साथ इज़राइल-हमास युद्ध में एक नया मोर्चा खोलने की कोशिश कर सकता है। कासेम ने कहा, कि उनका समूह, जो हमास के साथ जुड़ा है, वो पहले से ही लेबनान-इज़राइल सीमा को तनावपूर्ण करके और गाजा में लड़ने की तैयारी के बजाय उत्तर में तीन इजरायली सेना डिवीजनों को बांधकर संघर्ष के पाठ्यक्रम को प्रभावित कर रहा है।
कासेम ने शनिवार को एक हिजबुल्लाह लड़ाके के अंतिम संस्कार के दौरान एक भाषण में कहा, कि "हम आज लड़ाई के केंद्र में हैं। हम इस लड़ाई के माध्यम से उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं।"












Click it and Unblock the Notifications