‘लेबनान का हाल गाजा की तरह कर देंगे...’, हिजबुल्लाह प्रमुख ने ऐसा क्या कहा जिस पर भड़का इजराइल?
इजराइल के रक्षा मंत्री योव गैलेंट ने शनिवार को लेबनान के हिजबुल्लाह को सीमा पर संघर्ष नहीं बढ़ाने की चेतावनी दी है। गैलेंट ने इजराइली टेलीविजन चैनलों पर प्रसारित एक वीडियो में सैनिकों से कहा, "हिजबुल्लाह, लेबनान को एक युद्ध में घसीट रहा है।"
इजराइली रक्षा मंत्री ने कहा कि हिजबुल्लाह वो गलतियाँ कर रहा है...जिसकी कीमत लेबनान के लोग चुकाएंगे। योव गैलेंट ने हिजबुल्लाह और लेबनान को धमकी देते हुए कहा, "हम गाजा में जो कर रहे हैं वह बेरूत में भी कर सकते हैं।"

योव गैलेंट ने कहा है कि "हिजबुल्लाह एक गंभीर गलती करने के करीब पहुंच गया है, जो इसकी कीमत चुकाएंगे वो सबसे पहले लेबनान के नागरिक होंगे। हम जो गाजा में कर रहे हैं, हम जानते हैं उसे बेरूत में कैसे करना है। बेरूत का भी वही हाल होगा जो गाजा का है जहां से वो लोग अपना घर छोड़कर सफेद झंडे उठाकर भाग रहे हैं।"
गैलेंट की चेतावनी हिजबुल्लाह के प्रमुख के उस बयान के बाद आई है जिसमें उन्होंने कहा था कि उनका समूह इजराइल पर हमला करने के लिए नए प्रकार के हथियार तैनात कर रहा है।
इससे पहले हिजबुल्लाह प्रमुख हसन नसरल्लाह ने शनिवार को इजराइल-हमास युद्ध पर अपना दूसरा भाषण दिया था। नसरल्लाह ने कहा कि इजराइल कभी भी अपना मकसद हासिल नहीं कर पाएगा क्योंकि गाजा में जो हो रहा है उससे भविष्य की पीढ़ियां और अधिक मजबूत विरोध करेंगी।
नसरल्लाह ने कहा है कि इजराइल पर दक्षिणी लेबनान की तरफ से हमले जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि ये हमले गाजा में चल रहे इजराइल-हमास युद्ध में फिलिस्तीनियों का समर्थन करने के लिए किए जा रहे हैं।
नरसल्लाह ने दावा किया है कि पिछले एक सप्ताह में हिजबुल्लाह ने इजराइल पर हमले तेज किए हैं और ड्रोन विमानों के अलावा अधिक ताक़तवर मिसाइलें इस्तेमाल की हैं। उन्होंने कहा कि हिज़बुल्लाह ने इजराइल के और अधिक भीतरी इलाक़ों में हमले किए हैं।
नसरल्लाह ने अपने भाषण में इस्लामी देशों से इजराइल के ख़िलाफ़ एकजुट होने की अपील भी की है। शनिवार को ही सऊदी अरब की राजधानी रियाद में इस्लामी और अरब देशों का असाधारण संयुक्त सम्मेलन हुआ है जिसे आपात सम्मेलन कहा गया है।
सऊदी अरब और अन्य मुस्लिम देशों ने शनिवार को रियाद में एक संयुक्त शिखर सम्मेलन में गाजा में चल रहे युद्ध को तत्काल समाप्त करने का आह्वान किया। इस दौरान मुस्लिम देशों ने इजराइल के जवाबी हमले की भी निंदा की और घोषणा की कि तेल अवीव फिलिस्तीनियों के खिलाफ "अपराधों" के लिए जिम्मेदार है।












Click it and Unblock the Notifications