Israel Hamas War: गाजा के समर्थन में आईं पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग, इजराइल ने ली चुटकी
7 अक्टूबर को हमास के हमले के बाद जवाबी कार्रवाई कर रहे इजराइल-हमास की जंग का आज 15वां दिन है। 2 शनिवार पूर्व शुरू हुए इस संघर्ष में कई लोग मारे गए हैं जिसमें महिलाएं, बूढ़े और बच्चे भी शामिल हैं। इस बीच चर्चित जलवायु कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग ने फिलिस्तीन के लिए अपना समर्थन जताया है।
स्वीडन की जलवायु कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग ने शुक्रवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर फिलिस्तीनियों के लिए समर्थन जताया। उन्होंने एक्स पर एक तस्वीर पोस्ट कर तत्काल युद्ध विराम का आह्वान किया।

ग्रेट थनबर्ग ने लिखा- आज हम फिलिस्तीन और गाजा के लिए एकजुटता प्रदर्शित कर रहे हैं। दुनिया को फिलिस्तीनियों और प्रभावित सभी नागरिकों के लिए तत्काल युद्धविराम, न्याय और स्वतंत्रता के लिए बोलने और आह्वान करने की जरूरत है।"
पोस्ट में, 20 वर्षीय ग्रेटा थनबर्ग ने एक तस्वीर साझा की है जिसमें वह तीन अन्य साथियों के साथ फिलिस्तीन समर्थक पोस्टर पकड़े हुए देखी जा सकती हैं। ग्रेटा के इस पोस्ट पर इजराइल ने प्रतिक्रिया दी है।
इजराइल ने आधिकारिक एक्स हैंडल से थनबर्ग के पोस्ट पर जवाब देते हुए उन पर व्यंग्य किया है। इजराइल ने कहा कि आतंकवादी समूह हमास जिन्होंने निर्दोष इजराइलियों को मारा है वह अपने रॉकेटों के लिए सस्टेनेबल मैटेरियल का उपयोग नहीं करता है।
(सस्टेनेबल मटेरियल में उन वस्तुओं को रखा जाता है जो रिसाइकिल हो सके और इनसे पर्यावरण पर कम या न के बराबर नकारात्मक प्रभाव पड़े।)
इजराइल ने जलवायु कार्यकर्ता से कहा- "हमास नरसंहार के पीड़ित आपके दोस्त हो सकते थे। बोलिए।" इसमें तीन किशोर इजरायलियों की तस्वीरें भी साझा की गईं, जो कथित तौर पर हमास के हमले में मारे गए थे।
इस बीच हमास के नेतृत्व वाले स्वास्थ्य मंत्रालय का दावा है कि जब से इजराइल ने हमास को खत्म करने के लिए अपना हवाई हमला अभियान शुरू किया है तब से गाजा पट्टी में कम से कम 4,385 लोग मारे गए हैं, जिनमें 1,756 बच्चे भी शामिल हैं।
फ़िलिस्तीनी स्वास्थ्य प्राधिकरण ने कहा कि 7 अक्टूबर को युद्ध शुरू होने के बाद से 14,000 से अधिक लोग घायल हुए हैं। वहीं, 7 अक्टूबर को हमास के हमले में 1,400 से अधिक इजराइली नागरिकों की हत्या कर दी गई है। इसके अलावा 200 से अधिक बंधकों को वापस गाजा ले गया।
हमास का दावा है कि इजरायली बलों ने वेस्ट बैंक में 84 फिलिस्तीनियों को मार डाला है और 1,400 से अधिक को घायल कर दिया है। इजराइल ने कहा है कि युद्ध शुरू होने के बाद से उसके क्षेत्र के अंदर लगभग 1,500 हमास आतंकवादियों के शव बरामद किए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications