नई दिल्ली में दूतावास के पास धमाके के बाद इजराइल ने जारी की एडवाइजरी, भारत यात्रा को लेकर सलाह में क्या कहा?
Israel issues travel advisory for India: नई दिल्ली में इजराइल दूतावास के बाहर एक संदिग्ध विस्फोट और इजराइली राजदूत को संबोधित करते हुए भेजी गई धमकी भरी चिट्ठी मिलने के कुछ घंटों के बाद इजराइल ने भारत में रहने वाले अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है।
तेल अवीव ने भारत में अपने नागरिकों के लिए एक ट्रेवल एडवाइजरी जारी की है, जिसमें संदेह जताया गया है, कि दूतावास के पास विस्फोट "एक संभावित आतंकवादी हमला" था।

इजराइली एडवाइजरी में क्या है?
इजरायली दूतावास के प्रवक्ता गाइ नीर ने समाचार एजेंसी पीटीआई के हवाले से कहा, कि "हम पुष्टि कर सकते हैं, कि शाम 5:48 बजे के आसपास दूतावास के नजदीक एक विस्फोट हुआ था। दिल्ली पुलिस और सुरक्षा टीम अभी भी स्थिति की जांच कर रही है। इजराइली राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद (एनएससी) की मंगलवार को की गई सिफारिशें, जो घटनाओं की पुनरावृत्ति की चिंताओं के बीच आई हैं, विशेष रूप से नई दिल्ली पर लागू होती हैं।"
ट्रेवल इडवाइजरी के मुताबिक, इज़रायली नागरिकों को चेतावनी दी गई है, कि वे भीड़-भाड़ वाले स्थानों (मॉल और बाज़ार) और पश्चिमी लोगों/यहूदियों और इज़रायलियों की सेवा के रूप में पहचाने जाने वाले स्थानों पर जाने से बचें।
इजराइली एडवाइजरी में भारत में रहने वाले इजराइली लोगों से सार्वजनिक स्थानों (रेस्तरां, होटल, पब आदि सहित) में सतर्क रहने का भी आग्रह किया गया है।
इजराइल की ट्रेवल एडवाइजरी में इजराइली लोगों से ऐसा कोई भी पहचान जारी करने से मना किया गया है, जिससे पता चले, कि वो इजराइली नागरिक हैं। इसके अलावा, ज्यादा संख्या में एक साथ किसी कार्यक्रम में जाने से बचने की सलाह दी गई है।
वहीं, एडवाइजरी में ये भी सलाह दी गई है, कि कहीं आने जाने के दौरान सोशल मीडिया पर अपनी यात्रा की जानकारी या तस्वीरों को साझा ना करें।
आपको बता दें, कि दिल्ली पुलिस को सबसे पहले मंगलवार शाम करीब 5.45 बजे दूतावास के पीछे "विस्फोट" के बारे में कॉल मिली थी, जिसके बाद जिला स्टाफ, स्पेशल सेल और दिल्ली फायर सर्विसेज की टीमों को मौके पर भेजा गया। हालांकि, एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, कि आग या विस्फोट का कोई संकेत नहीं है।
अधिकारियों ने बताया, सुरक्षा को काफी मजबूत किया गया है और अलग अलग टीमें जांच कर रही हैं।

इससे पहले भी, जनवरी 2021 में इजराइली दूतावास के पास एक और दहशत फैल गई थी, जब वहां कम तीव्रता का विस्फोट हुआ था। दिल्ली पुलिस की एक टीम को घटनास्थल पर "इजरायल दूतावास के राजदूत को संबोधित" एक पत्र भी मिला था। अंततः जांच एनआईए को सौंप दी गई, जिसे अभी तक आरोपी को खोजने में कोई सफलता नहीं मिली है।












Click it and Unblock the Notifications