ईरान-इजरायल में छिड़ी आर-पार की जंग! धमाकों से दहला तेहरान, नागरिकों को बंकरों में भेजा, स्कूल-कॉलेज बंद
मिडिल ईस्ट (Middle East) से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर आ रही है। इजरायल ने शनिवार को ईरान के खिलाफ एक बड़ा मिसाइल हमला शुरू कर दिया है, जिसके बाद राजधानी तेहरान समेत कई इलाके जोरदार धमाकों से दहल उठे हैं। अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु समझौते को लेकर बढ़ते तनाव और युद्ध की आशंकाओं के बीच इजरायल ने यह बड़ा कदम उठाया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इजरायली मिसाइलों ने मध्य और पूर्वी तेहरान के कई ठिकानों को निशाना बनाया है। खबर है कि ईरान के राष्ट्रपति भवन परिसर को भी इस हमले में टारगेट किया गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामनेई को पहले ही किसी अज्ञात सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है। तेहरान के आसमान में काले धुएं के विशाल गुबार देखे जा रहे हैं।

इजरायली रक्षा मंत्री का बयान
इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज़ ने इस ऑपरेशन की पुष्टि करते हुए कहा कि यह हमला इजरायल के अस्तित्व पर मंडरा रहे खतरों को खत्म करने के लिए किया गया है। उन्होंने साफ किया कि 'इजरायल ने ईरान के खिलाफ यह पूर्व-नियोजित हमला (Pre-emptive attack) अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए किया है।'
इजरायल में 'रेड अलर्ट', स्कूल-कॉलेज बंद
ईरान की ओर से होने वाले संभावित पलटवार को देखते हुए इजरायल ने अपने देश में हवाई हमले के सायरन बजा दिए हैं। सेना ने जनता को सुरक्षित स्थानों के करीब रहने की सलाह दी है। इसके साथ ही इजरायल ने "शैक्षिक गतिविधियों, सभाओं और कार्यस्थलों" पर प्रतिबंध लगा दिया है, हालांकि आवश्यक सेवाओं को छूट दी गई है।
परमाणु डील और पुरानी दुश्मनी
यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब वाशिंगटन और तेहरान के बीच परमाणु वार्ता को लेकर खींचतान जारी थी। इजरायल का शुरू से मानना है कि ईरान के परमाणु बुनियादी ढांचे को पूरी तरह नष्ट किया जाना चाहिए। याद दिला दें कि पिछले साल जून में भी दोनों देशों के बीच 12 दिनों तक सीधा हवाई संघर्ष चला था, लेकिन शनिवार की यह कार्रवाई अब तक की सबसे सीधी और बड़ी सैन्य मुठभेड़ मानी जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications