Israel Hamas War: हमास के साथ चल रहे संघर्ष पर PAK ने की इजराइल की आलोचना, कहा- इंसानी जान के बारे में चिंतित
इजराइल और फिलिस्तीन चरमपंथी संगठन हमास के बीच संघर्ष लगातार जारी है। पहले हमास ने गाजा पट्टी से लगभग 5,000 रॉकेट लॉन्च किए। उसके बाद इजराइल ने मोर्चा संभालते हुए युद्ध की घोषणा की। वहीं, दूसरी तरफ पाकिस्तान के स्थायी प्रतिनिधि जमान मेहदी ने हमास समूह के साथ चल रहे संघर्ष पर इजराइल की आलोचना की है।
इस्लामिक सहयोग संगठन (ओआईसी) के प्रतिनिधि के रूप में जमान मेहदी ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (यूएनएचआरसी) के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि तथाकथित युद्ध की घोषणा और नागरिक आबादी और उनकी संपत्तियों पर हमले बेहद परेशान करने वाले हैं। हम बढ़ती ऐसी स्थिति में मानवीय जान के बारे में चिंतित हैं।

आपको बता दें कि इजराइल पर सालों में सबसे बड़े हमलों में से एक हमास ने गाजा से लगभग 5,000 रॉकेट लॉन्च किए। इसके बाद इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने 7 अक्टूबर को 'युद्ध की स्थिति' की घोषणा की।
'मृतको के एक मिनट का मौन'
ज़मान मेहदी ने अपना अनुरोध करते हुए कहा कि हम महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित निर्दोष लोगों की जान के नुकसान के लिए एक मिनट का मौन रखने का अनुरोध करते हैं। यह कब्जे वाले फिलिस्तीनी क्षेत्र में दशकों से विदेशी कब्जे के पीड़ितों को याद करने का भी एक अवसर है। मैं आप सभी से उन पीड़ितों का सम्मान करने के लिए एक मिनट के लिए मौन होने का अनुरोध करता हूं। मेहदी के अनुरोध पर यूएनएचआरसी के सदस्यों ने शोक व्यक्त करते हुए एक क्षण का मौन भी रखा।
'टू स्टेट सॉल्यूशन लागू हो'
फिलिस्तीन का समर्थन करते हुए, ज़मान मेहदी ने कहा कि चल रहा संघर्ष 7 दशकों से अधिक के अवैध विदेशी कब्जे, आक्रामकता और यूएनएससी प्रस्तावों सहित अंतरराष्ट्रीय कानून के अनादर की दुखद याद दिलाता है। उन्होंने आगे कहा कि अवैध विदेशी कब्जे को सामान्य बनाने और बनाए रखने के प्रयास हिंसा को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने इजराइल-फिलिस्तीन संघर्ष को हल करने के लिए टू स्टेट सॉल्यूशन लागू करने का आग्रह भी किया।
जमान मेहदी ने आगे कहा कि फिलिस्तीनी लोगों के आत्मनिर्णय के अधिकार की प्राप्ति को सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाने की आवश्यकता है और साथ ही 4 जून 1967 को पूर्वी यरुशलम को फिलिस्तीन राज्य की राजधानी के रूप में सीमाओं पर टू स्टेट सॉल्यूशन प्राप्त करने की आवश्यकता है।












Click it and Unblock the Notifications