'गाजा में हमले बंद करो, हम बंधकों की रिहाई करेंगे', युद्धविराम के लिए हमास तैयार, लेकिन साथ में रखी ये शर्त
Israel Hamas War: हमास ने इजराइल के नए युद्धविराम प्रस्ताव को औपचारिक रूप से अस्वीकार करते हुए अपनी शर्ते रखी हैं। हमास के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि हमास युद्धविराम के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि हम ऐसे समझौते पर बातचीत करने के लिए तैयार हैं, जिसमें सभी बचे हुए बंधकों की रिहाई के बदले युद्ध खत्म किया जाए और फलस्तीनी कैदियों को रिहा किया जाए।
हमास ने ये बात इजराइल की अंतरिम युद्धविराम की पेशकश को खारिज करते हुए कही है। हमास के प्रमुख और मुख्य वार्ताकार खलील अल-हय्या ने अपना बयान वीडियो के जरिए जारी करते हुए कहा कि समूह अब अंतरिम समझौतों पर सहमत नहीं होगा। खलील अल-हय्या ने कहा कि हम ऐसे कभी भी ऐसे किसी समझौते को स्वीकार नहीं करेंगे, जिसमें इजराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू का राजनीतिक एजेंडा पूरा होता दिख रहा हो।

इजराइल ने 10 बंधकों की रिहाई के बदले 45 दिन के युद्धविराम की पेशकश की
इजराइल ने अपने नए समझौते के तहत 10 बंधकों की रिहाई के बदले में 45 दिन के युद्धविराम की बात की है। हमास के मुख्य वार्ताकार खलील ने कहा कि समूह ने ऐसा रुख अपनाया है जिसे इजराइल स्वीकार नहीं करेगा और इससे हाल के सप्ताहों में फिर से शुरू हुए विनाशकारी हमलों को रोकने में और देरी हो सकती है। खलील अल-हय्या ने कहा कि गाजा युद्ध को समाप्त करने, इजराइल द्वारा जेल में बंद फिलिस्तीनियों की रिहाई और गाजा के पुनर्निर्माण के बदले में अपने कब्जे में सभी शेष बंधकों को रिहा करने के समझौते के लिए तैयार है।
इजराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू को लेकर हमास ने क्या कहा?
इजराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू का जिक्र करते हुए खलील अल-हय्या ने कहा, "नेतन्याहू और उनकी सरकार आंशिक समझौतों का इस्तेमाल अपने राजनीतिक एजेंडे को छिपाने के लिए करती है, जो विनाश और भुखमरी के युद्ध को जारी रखने पर आधारित है, भले ही इसकी कीमत उनके सभी कैदियों (बंधकों) की बलि क्यों न हो। हम इस नीति को पारित करने का हिस्सा नहीं होंगे।"
बता दें कि इजराइल और हमास में युद्ध अभी भी जारी है। हमास द्वारा संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय शुक्रवार 18 अप्रैल को कुछ घंटे पहले दिए गए अपडेट में कहा है कि इजराइल लगातार हवाई हमले कर रहा है। ताजा हवाई हमले में 37 लोगों की मौत हो गई है। हालांकि पूरे मामले पर इजराइली सेना की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।












Click it and Unblock the Notifications