सीरिया में अभी भी ISIS की मौजूदगी? वैश्विक ताकतें का युद्धग्रस्त देश में पांव जमाने के लिए संघर्ष
ISIS in Syria: सीरिया में बशर अल-असद सरकार के पतन के बाद अब देश के ज्यादातरह हिस्सों का कंट्रोल अबू मोहम्मद अल-जुलानी के नेतृत्व वाले हयात तहरीर अल-शाम (HTS) के हाथों में आ गया है, लेकिन ज्यादातर ग्लोबल पावर्स इस मौके का फायदा युद्धग्रस्त देश में अपना पैर जमाने के लिए उठाना चाह रही हैं।
संयुक्त राज्य अमेरिका ने रविवार को सीरिया में ISIS के ठिकानों पर बमबारी की है, ताकि चरमपंथियों को "खुद को फिर से स्थापित करने के लिए किसी भी लाभ उठाने की कोशिश" से रोका जा सके। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा है, कि उन्होंने इस्लामिक स्टेट के 75 ठिकानों पर हमले किए हैं, जिसमें ऑपरेटिव और उनके शिविर शामिल हैं।

अमेरिका के अभी भी दक्षिण-पूर्वी सीरिया में 900 सैनिक तैनात किया है। उन्होंने हमलों को अंजाम देने के लिए F-15s, A-10s और B-52s का इस्तेमाल किया है।
सीरिया में इस्लामिक स्टेट कितना ताकतवर?
हालांकि, सीरिया में इस्लामिक स्टेट अभी भी सक्रिय है, लेकिन इसकी शक्ति और प्रभाव में अब काफी कमी आई है। ISIS ने 2019 में अपने ज्यादातर कंट्रोल वाले क्षेत्र खो दिए और वर्तमान में नगण्य बलों के साथ एक छोटे से क्षेत्र तक सीमित है, लेकिन येअपने ठिकानों से अपना ऑनलाइन प्रचार अभी भी चलाता रहता है।
दूसरी तरफ, इजराइली वायुसेना ने रविवार को सीरिया में कई ठिकानों पर हमले किए हैं, ताकि असद शासन के हथियारों को नष्ट किया जा सके, इससे पहले कि वे विद्रोहियों या अन्य चरमपंथी समूहों के हाथों में पड़ जाएं। इजराइली वायुसेना ने रासायनिक हथियारों, वायु रक्षा प्रणालियों, मिसाइलों और हथियार उत्पादन स्थलों को नष्ट कर दिया। इनमें स्वेदा के पास खलखाला एयर बेस, दमिश्क में मेजेह एयर बेस के अलावा दारा और सुवेदा प्रांत शामिल थे।
इजराइली एयरफोर्स ने मुख्य सीमा शुल्क मुख्यालय, सैन्य खुफिया कार्यालयों, सुरक्षा परिसर और कफ़र सूसा में एक सरकारी रिसर्च सेंटर को भी निशाना बनाया है, जहां इजराइल ने आरोप लगाया था, कि ईरानी वैज्ञानिक मिसाइल विकसित कर रहे थे। दूसरी ओर, इजराइल रक्षा बलों ने रक्षात्मक रणनीति के तहत गोलान हाइट्स में बफर ज़ोन पर कब्ज़ा कर लिया है।
तुर्की ने उत्तरी सीरिया के मनबीज में कुर्द बलों को निशाना बनाया है। वाईपीजी के नेतृत्व वाले कुर्दों को अमेरिका का समर्थन हासिल है और उन्होंने मिलकर इस्लामिक स्टेट से लड़ाई लड़ी है। लेकिन तुर्की उन्हें अपने क्षेत्र में कुर्द उग्रवादियों के एक समूह पीकेके के सहयोगी के रूप में देखता है। तुर्की समर्थित विद्रोहियों ने रविवार को मनबीज में प्रवेश कर लिया और कुर्दों से आसपास के क्षेत्रों पर नियंत्रण कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications