ISIS पर काबुल ब्लास्ट का शक, तालिबान ने कहा- हम विदेशी नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध
नई दिल्ली, 26 अगस्त: अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में एयरपोर्ट के बाहर गुरुवार को दो बड़े ब्लास्ट हुए, जिसमें अब तक 15 लोगों की मौत हुई है, जबकि बहुत से लोग घायल बताए जा रहे। वैसे ज्यादातर लोग इसके पीछे तालिबान आतंकियों का हाथ मान रहे थे, लेकिन अब शक की सुई आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया (आईएसआईएस) पर घूम गई है। वहीं दूसरी ओर तालिबान ने भी मामले में बयान जारी किया है।

तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि ये एक आतंकवादी कृत्य है। उन्होंने पहले ही इस हमले का शक जता दिया था। साथ ही अमेरिकी अधिकारियों को ISIS के इस संभावित हमले की जानकारी भी दे दी थी। उन्होंने आगे कहा कि तालिबान अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही आतंकवादियों को अपने अभियान के लिए अफगानिस्तान की जमीन का इस्तेमाल नहीं करने देगा।
सीरियल ब्लास्ट के बाद काबुल में अमेरिकी दूतावास ने एक अलर्ट जारी किया है। जिसमें कहा गया कि अमेरिकी नागरिक हवाई यात्रा से बचें और तुरंत एयरपोर्ट वाले इलाके को छोड़ दें। एक अमेरिकी अधिकारी ने भी माना है कि काबुल एयरपोर्ट के बाहर हुए ब्लास्ट में निश्चित रूप से ISIS आतंकियों का हाथ था। मौजूदा वक्त में एयरपोर्ट का कंट्रोल नॉटो के पास है।
इटली के विमान पर फायरिंग
वहीं दूसरी ओर इटली ने भी रेस्क्यू के लिए अपने C130s विमान को भेजा था। उसमें इटली के सैनिक और अफगान नागरिक सवार हुए, लेकिन जैसे ही विमान ने काबुल एयरपोर्ट से टेकऑफ किया, वैसे ही वो फायरिंग की चपेट में आ गया। हालांकि घटना में विमान को किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ।












Click it and Unblock the Notifications