इजराइल पर कभी भी हमला कर सकता है ईरान, सभी सैनिकों की छुट्टियां रद्द, तीसरी जंग की होगी शुरुआत?
ईरान और इजराइल के बीच तनाव चरम पर है। ऐसा माना जा रहा है कि किसी भी वक्त ईरान, इजराइल पर हमला कर सकता है। अमेरिकी खुफिया एजेंसी ने एक बड़ा सैन्य अभियान शुरू करने की चेतावनी दी है।
दरअसल सीरिया की राजधानी दमिश्क में 1 अप्रैल को हुए एयरस्ट्राइक में ईरान के कई अधिकारी मारे गए थे। मारे गए लोगों में ईरान के इस्लामिक रिवॉल्युशनरी गार्ड्स कोर (IRGC) में ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद रजा जाहेदी भी थे। वे रिवॉल्युशनरी गार्ड्स की 'कुद्स फोर्स' के अहम शख्स थे।

फरवरी 2020 में जनरल सुलेमानी की हत्या के बाद ये दूसरी घटना है जब ईरान के टॉप कमांडर की मौत हुई है। ऐसे में ईरान इस बात का कभी भी बदला ले सकता है। इजराइल भी यही मानकर चल रहा है, इसलिए उसने इसकी तैयारी भी शुरू कर दी है।
द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक इजराइली सेना ने इस बात की पुष्टि की है कि इजराइल ने सभी सैनिकों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं और रिजर्व सैनिकों को भी बुला लिया गया है। इजराइल की सभी सीमाओं पर सेना तैनात कर दी गई है। ईरान के संभावित हमले से बचने के लिए तेल अवीव में फिर से शेल्टर खोले जा रहे हैं। इतना ही नहीं, सभी जीपीएस सिग्नलों को अवरुद्ध किया जा रहा है। हालांकि इजराइली सेना ने इस कदम के पीछे का कारण नहीं बताया है।
इस बीच सीरिया में ईरानी दूतावास में मारे गए 7 अधिकारियों का आज शुक्रवार को अंतिम संस्कार हुआ। इसका ईरानी टीवी चैनल पर लाइव प्रसारण किया गया। इस दौरान टीवी पर मारे गए लोगों की तस्वीरें और 'इजराइल की मौत' और 'अमेरिका की मौत' जैसे बैनर वहां नजर आए। इस दौरान फिलीस्तीनी झंडा भी लहराया गया।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक IRGC के कमांडर-इन-चीफ मेजर जनरल होसैन सलामी ने तेहरान में एकत्रित भीड़ से यकीन दिलाया कि वे इसका जरूर बदला लेंगे। उन्होंने कहा कि उनके बहादुर लड़ाके यहूदी शासन को इसकी सजा देंगे।
हालांकि ईरान, इजराइल पर सीधे हमला करने से बचता रहा है। लेकिन अब ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रायसी ने इस सप्ताह सीरिया में हवाई हमले में शीर्ष ईरानी कमांडरों की हत्या के लिए इजराइल को दंडित करने की कसम खाई है। ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई ने कहा कि इस हमले का ऐसा जवाब दिया जाएगा कि उन्हें अपने किए पर पछतावा होगा।
ईरान की धमकी के बाद इजराइल ने भी ईरान को चेतावनी दी है। इजराइल ने कहा कै अधिकारियों ने बताया कि अगर ईरान अपनी धरती से हमला करता तो उसे कड़ी प्रतिक्रिया मिलेगी और मौजूदा संघर्ष एक अलग स्तर पर पहुंच जाएगा। इजराइल पहले भी दावा करता रहा है कि ईरान उसके ऊपर लंबी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलों, क्रूज मिसाइलों और ड्रोन से हमला कर सकता है।












Click it and Unblock the Notifications