इमरान खान की जीत के लिए चंदा क्यों जमा कर रहे प्रवासी भारतीय? वीडियो में देखिए कैसे कर रहे प्रचार
"पाकिस्तान फौज की निंदा तो पहले भी पाकिस्तान के नेताओं ने किया है, लेकिन इमरान खान ने पाकिस्तानी फौज के सीने में खंजर भोंका है"
Indians With Imran khan Pakistan News: पाकिस्तान में भारी राजनीतिक कोहराम मचा हुआ है और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने पूरी तरह से पाकिस्तानी सेना के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। पाकिस्तान की राजनीति में इस वक्त पाक फौज और इमरान खान आमने-सामने हैं और पाकिस्तानी समर्थक लगातार सेना और आईएसआई को निशाने पर ले रहे हैं। इस बीच कई भारतीयों ने इमरान खान का समर्थन करना शुरू कर दिया है और इमरान खान की जीत के लिए प्रचार-प्रसार करना शुरू कर दिया है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं, कि आखिर कुछ प्रवासी भारतीयों ने इमरान खान का समर्थन करना क्यों शुरू कर दिया है? आईये समझते हैं।

इमरान खान का समर्थन
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जो लंदन का बताया जा रहा है। इस वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है, कि इसमें एक भारतीय इमरान खान के लिए चुनाव प्रचार कर रहा है और पूर्व पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के लिए चंदा जुटाने की कोशिश कर रहा है। हालांकि, ये वीडियो लंदन का बताया जा रहा है, लेकिन हम इसकी पुष्टि नहीं कर सकते हैं। लेकिन, इस वीडियो में जो दिखाई दे रहा है, उसमें दिख रहा है, कि कुछ लोगों की भीड़ जमा है और इमरान खान के समर्थन में रैली निकाली जा रही है। इस वीडियो में पाकिस्तानी सेना मुर्दाबाद के नारे लगाए जा रहे हैं और लोगों के हाथों में इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए- इंसाफ पार्टी का समर्थन करने वाले संदेश लिखे गये हैं। वहीं, इस वीडियो में भारत का तिरंगा भी देखा जा सकता है।
रैली में क्या बोला 'भारतीय'
वहीं, इस रैली में खुद को भारतीय बताने वाला एक लड़का बोलते हुए देखा जा रहा है, जो अपने आप को कांग्रेस का यूथ ऑयकन बता रहा है। जब ये लड़का बोलना शुरू करता है, तो बगल में मौजूद कुछ और लड़के उससे अपनी पहचान बताने के लिए कहते हैं, जिसपर वो कहता है, कि मैं भारत का रहने वाला हूं। इस दौरान वहां मौजूद लोगों की भीड़ तालियां बजाकर उसका स्वागत करती है। वीडियो में लड़का बोलता हुआ देखा जा रहा है, कि वो इमरान खान को समर्थन देने के लिए वहां पर मौजूद हुआ है। इस दौरान वो लड़का बोलता है, कि 'मुझे पता चला है, कि कोई नामंजूर वेबसाइट है, जिसके जरिए मैं इमरान खान को डोनेट कर सकता हूं, तो मैं अपनी तरफ से 2 लाख रुपये इमरान खान को डोनेट कर रहा हूं।' इस दौरान फिर से लोग तालियां बजाने लगते हैं और पीछे लोग 'पाक फौज मुर्दाबाद' के नारे जोर-जोर से लगाना शुरू कर देते हैं। लोगों की भीड़ 'कमर बाजवा मुर्दाबाद' के नारे भी लगाती नजर आ रही है। ये वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है और इसे भारत के मशहूर डिफेंस एक्सपर्ट मेजर गौरव आर्या ने भी शेयर किया है।

गौरव आर्या ने की थी अपील
आपको बता दें कि, भारत के डिफेंस एक्सपर्ट गौरव आर्या ने प्रवासी भारतीयों से इमरान खान का प्रचार करने और चंदा देने की अपील की थी। गौरव आर्या ने 'चाणक्य फोरम' के यूट्यूब चैनल पर कहा कि, 'जो काम इमरान खान कर रहे हैं, वो भारत कभी नहीं कर सकता है, लिहाजा भारतीयों को इमरान खान का समर्थन करना चाहिए।' गौरव आर्या ने कहा कि, 'भारत के लोग भारत में रहकर तो डोनेट नहीं कर सकते हैं, लेकिन प्रवासी भारतीय ऐसा कर सकते हैं।' गौरव आर्या ने कहा कि, 'जो भारतीय जितना चंदा दे सकता है, अगर 10 डॉलर ही दे सकता है, तो उसे 10 डॉलर की इमरान खान को चंदा में देनी चाहिए, लेकिन दें जरूर।' गौरव आर्या ने दावा किया है, कि वो भी अपने किसी प्रवासी दोस्त के जरिए इमरान खान की राजनीतिक पार्टी को चंदा देंगे।

इमरान खान का समर्थन क्यों?
गौरव आर्या ने कहा कि, 'पाकिस्तान फौज की निंदा तो पहले भी पाकिस्तान के नेताओं ने किया है, लेकिन इमरान खान ने पाकिस्तानी फौज के सीने में खंजर भोंका है, इसीलिए भारत को चाहिए कि वो इमरान खान को समर्थन करें।' उन्होंने कहा कि, 'पाकिस्तान में पहले कभी भी आईएसआई को मीडिया के सामने आने की जरूरत नहीं हुई, लेकिन इमरान खान ने आईएसआई को इतना परेशान कर दिया, कि आईएसआई प्रमुख को प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए सामने आना पड़ा।' आपको बता दें कि, आईएसआई चीफ ने अपने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इमरान खान पर आरोप लगाए थे, कि इमरान खान रात में सैन्य प्रमुख से समझौता करने की कोशिश करते हैं, जबकि दिन में वो सेना प्रमुख को गद्दार कहते हैं। वहीं, गौरव आर्या का कहना है कि, 'पाकिस्तान एक न्यूक्लियर पॉवर है, लिहाजा भारतीय सेना के लिए पीओके वापस लेना आसान नहीं होगा, लेकिन इमरान खान यही काम मुफ्त में कर रहे हैं। इमरान खान ही वो शख्स हैं, जो पाकिस्तान के चार टुकड़े करवाएंगे।' लिहाजा गौरव आर्या अपील करते हैं, कि इमरान खान को मजबूत किया जाए, ताकि वो फिर से प्रधानमंत्री बन सकें।












Click it and Unblock the Notifications