'नौकरी' मौत बनी! अमेरिका में भारतीय छात्र का दर्दनाक अंत, गैस स्टेशन पर किसने और क्यों मारी गोली?
Indian student shot In America: अमेरिका में उच्च शिक्षा प्राप्त करने गए भारतीय छात्रों की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं। हाल ही में, तेलंगाना के हैदराबाद से ताल्लुक रखने वाले 27 वर्षीय भारतीय छात्र चंद्रशेखर पोले की डलास, अमेरिका में गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह दुखद घटना शुक्रवार रात को उस समय हुई, जब पोले एक गैस स्टेशन पर पार्ट-टाइम काम कर रहे थे।
एक अज्ञात हमलावर ने उन्हें गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पोले के परिवार में बेटे की मौत की खबर सुनने के बाद मातम पसरा हुआ है, और उन्होंने तेलंगाना तथा भारत सरकार से उनके पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द घर लाने में मदद की गुहार लगाई है।

जांच जारी, ह्यूस्टन वाणिज्य दूतावास सक्रिय
ह्यूस्टन स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास (CGI) ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। वाणिज्य दूतावास ने बताया कि वे पोले के परिवार के साथ लगातार संपर्क में हैं और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। स्थानीय अमेरिकी अधिकारियों के साथ मिलकर मामले की जांच की निगरानी की जा रही है, ताकि हत्यारों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके। पोले 2023 में अमेरिका में मास्टर डिग्री हासिल करने गए थे और अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद फिलहाल पूर्णकालिक नौकरी की तलाश में थे। इसी दौरान, वह अपनी आजीविका चलाने के लिए गैस स्टेशन पर पार्ट-टाइम काम कर रहे थे।
ये भी पढ़ें: America ने दाढ़ी पर लगाया बैन, सिख-मुस्लिम सैनिकों का क्या होगा? 1917 से कर रहे हैं आर्मी का हिस्सा
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने दुख जताया
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने भी चंद्रशेखर पोले की दुखद मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन देते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद और चौंकाने वाली है। इसी बीच, BRS विधायक सुधीर रेड्डी और पूर्व मंत्री टी. हरीश राव ने शनिवार को पोले के हैदराबाद स्थित आवास पर जाकर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की। हरीश राव ने सोशल मीडिया के माध्यम से राज्य सरकार से आग्रह किया कि चंद्रशेखर के पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। फिलहाल, डलास काउंटी मेडिकल एग्जामिनर का कार्यालय अभी तक मृत्यु प्रमाणपत्र जारी नहीं कर पाया है, जो शव को भारत लाने के लिए एक महत्वपूर्ण दस्तावेज़ है।
अमेरिका में भारतीय छात्रों की सुरक्षा पर बढ़ती चिंता
यह डलास की घटना अमेरिका में पार्ट-टाइम नौकरी करने वाले अंतर्राष्ट्रीय छात्रों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर चिंता का विषय बन गई है, खासकर उन छात्रों के लिए जो देर रात की शिफ्टों में काम करते हैं। पिछले कुछ महीनों में भारतीय छात्रों पर हमलों की कई घटनाएं सामने आई हैं। इसी साल जनवरी में, तेलंगाना के एक 26 वर्षीय छात्र की कनेक्टिकट में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, और रंगा रेड्डी के एक व्यक्ति की भी इसी तरह मौत हुई थी। पिछले महीने, महबूबनगर जिले के एक टेक्नोलॉजी प्रोफेशनल की कैलिफोर्निया में पुलिस की गोली से मृत्यु हो गई थी। इन घटनाओं ने विदेशों में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा पर लगातार बढ़ रहे सवालों को जन्म दिया है।
ये भी पढ़ें: America: Trump के H-1B वीजा फीस से भारतीय महिला रिसर्चर मुश्किल में, ट्रंप पर यूनियन ने ठोका मुकदमा












Click it and Unblock the Notifications