London Election: लंदन में मेयर पद की जंग तेज! पाकिस्तानी मूल के सादिक खान को टक्कर देंगे 2 भारतवंशी
लंदन में 2 मई को मेयर का चुनाव होना है। इस बार वर्तमान मेयर सादिक खान को चुनौती देते हुए दो भारतवंशी जोर लगा रहे हैं। ये दोनों स्वतंत्र उम्मीदवार के तौर पर मैदान में हैं।
63 वर्षीय कारोबारी तरुण गुलाटी ने जहां अपने मेयर चुनाव को लेकर नवंबर में अपनी दावेदारी ठोकी थी तो अब एक और भारतवंशी 62 वर्षीय प्रापर्टी कारोबारी श्याम बत्रा भी इस रेस में कूद पड़े हैं।

बता दें कि तरुण गुलाटी और श्याम बत्रा का सामना पाकिस्तानी मूल के मौजूदा मेयर सादिक खान से होगा। सादिक खान लेबर पार्टी की तरफ से लंदन लगातार तीसरी बार मेयर बनने की तैयारी कर रहे हैं। वहीं कंजर्वेटिव पार्टी से सुजैन हिल दावेदारी पेश करेंगी।
सुजैन हिल अगर चुनाव जीत जाती हैं तो वह लंदन की पहली महिला मेयर होंगी। लिबरल डेमोक्रेट रॉब ब्लैकी, हॉवर्ड कॉक्स (रिफॉर्म यूके), ज़ो गारबेट (ग्रीन पार्टी), नेटली कैंपबेल (स्वतंत्र); एमी गैलाघेर (स्वतंत्र); रेहान हक (स्वतंत्र); और एंड्रियास मिचली (स्वतंत्र) 2 मई, 2024 को होने वाले चुनाव के लिए अन्य उम्मीदवारों में से हैं। लंदन मेयर चुनाव में GBP 10,000 जमा राशि के साथ नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि मार्च 2024 है।
तरूण गुलाटी ने पीटीआई से बात करते हुए कहा, "मौजूदा मेयर ने मतदाताओं का समर्थन खो दिया है। मैं लंदन का अगला मेयर बनने के लिए एक स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में खड़ा हूं क्योंकि मैं पार्टी विचारधारा और पूर्वाग्रह के बिना विचारों और नीतियों के मुक्त प्रवाह को प्रोत्साहित करना चाहता हूं। मैं लोगों से विचार ले रहा हूं और उसके अनुसार निर्णय लेने की प्रक्रिया में जहां भी संभव होगा लोगों को शामिल करने के लिए काम करूंगा।''
लगभग 2 दशकों से लंदन में रह रहे तरुण ने अपनी प्राथमिकताओं में मजबूत पुलिसिंग, किफायती आवास और सभी लंदनवासियों के के सुनहरे भविष्य के लिए जरूरी'सुधार' गिनाए हैं। तरुण गुलाटी दिल्ली से लेकर मॉरीशस और कतर से लेकर यूके तक विभिन्न स्थानों पर काम कर चुके हैं। तरुण गुलाटी को 2009 में ब्रिटिश नागरिकता मिली थी
वहीं एक और भारतवंशी उम्मीदवार श्याम बत्रा का कहना है कि वह शहर की वर्तमान स्थिति को लेकर चिंतित हैं। उन्हें लगता है कि वह इन परेशानियों से इसे निकालने में सफल होंगे।












Click it and Unblock the Notifications