बांग्लादेश ने जाकिर नाइक के पीस टीवी को किया बैन
ढाका। भारत के विवादास्पद इस्लामिक उपदेशक डॉक्टर जाकिर किर नाइक के टीवी चैनल 'पीस टीवी' को बांग्लादेश ने रविवार को बैन कर दिया। बांग्लादेश के उद्योग मंत्री आमीर हुसैन अमू की अध्यक्षता में रविवार को हुई एक मीटिंग में
इस पर बैन का फैसला किया गया।

आमिर हुसैन अमू ने जानकारी दी कि बांग्लादेश में शुक्रवार को नमाज के दौरान दिए जाने वाले भाषणों की भी निगरानी की जाएगी ताकि ये देखा जा सके कि भड़काऊ भाषण तो नहीं दिए जा रहे।
राजधानी ढाका में हुए आतंकी हमलों में शामिल हमलावर जाकिर नाइक के भाषणों से प्रभावित थे और इन खबरों के बाद ही पीस टीवी पर बैन का फैसला लिया गया। ढाका में होली आर्टिसन बेकरी पर हमले में 28 लोगों की मौत हो गई थी, इनमें कई विदेशी भी थे।
वहीं भारत सरकार ने भी शनिवार को सभी राज्यों को आदेश जारी कर कहा है कि राज्य इस बात को सुनिश्चित करें कि जिन टीवी चैनलों को भारत में प्रसारण की मंजूरी नहीं दी गई है उन्हें केबल ऑपरेटर हरगिज न दिखाएं।
सूचना प्रसारण मंत्रालय ने कहा है कि टीवी पर सुरक्षा के लिए खतरनाक सामग्री प्रसारित किए जाने की खबरें हैं, जिनसे सांप्रदायिक तनाव और आतंकी हिंसा भड़क सकती है।
केंद्र सरकार की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि कई निजी सैटेलाइट टीवी चैनलों जैसे कि 'पीस टीवी' पर इस तरह का कंटेंट प्रसारित किए जाने की रिपोर्ट हैं।
इसे मंत्रालय डाउनलिंक करने की इजाजत नहीं देता। ऐसे में राज्यों की जिम्मेदारी है कि केबल ऑपरेटरों को ऐसे चैनल दिखाने से रोकें।












Click it and Unblock the Notifications