न्यूजीलैंड में इंडियन हाई कमिश्नर रवि थापर और उनकी पत्नी पर नौकर को प्रताडि़त करने का आरोप
वलिंगटन। अमेरिका में भारतीय पूर्व राजनयिक देवयानी खोबरागड़े का मामला तो याद ही होगा। जी हां वहीं देवयानी जिनपर अपनी घरेलू कर्मचारी को कम मेहनताना देने और उसके वीजा संबंधी फर्जीवाड़े का गंभीर आरोप लगा था। ऐसा ही एक मामला अब न्यूजीलैंड में सामने आया है। न्यूजीलैंड में भारत के हाई कमिश्नर रवि थापर की पत्नी शर्मिला थापर पर एक नौकर ने उत्पीड़न का आरोप लगाया है। इन आरोपों के बाद भारत सरकार ने थापर को वापस बुला लिया है।
न्यूजीलैंड रेडियो की वेबसाइट की खबर के मुताबिक, शनिवार को थापर के वेलिंगटन स्थित आवास पर कुछ कर्मी ट्रक में सामान लोड कर रहे थे, जिससे पता चलता है कि उन्होंने दूतावास छोड़ दिया है। जल्द ही वह स्वदेश लौट रहे हैं। खबर मिल रही है कि इस मामले में किरकिरी से बचने के लिए भारत सरकार ने फौरन थापर को वापस बुलाने का फैसला लिया है। न्यूजीलैंड पुलिस ने जो जानकारी दी है उसके मुताबिक मई में स्टाफ मेंबर में शामिल एक भारतीय रसोइए ने आरोप लगाया था कि थापर की पत्नी ने उसे बंधक बनाकर मारपीट की।
जानिए क्या हैं नौकर के आरोप
रवि थापर के रसोइए ने आरोप लगाया था कि थापर और उनकी पत्नी शर्मिला उसके साथ गुलामों जैसा बर्ताव करते हैं। दोनों उसे बंधक बनाकर मारते-पीटते हैं और जान से मार देने की धमकी भी देते हैं। एक रात वह वेलिंगटन के लोगों को घर से कुछ दूरी पर जख्मी हालत में मिला जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया और फिर मुकदमा दर्ज कराया गया। पीड़ित ने बताया कि शर्मिला के कारण उसने कई रातें वेलिंगटन शेल्टर होम में बिताई हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया है, क्योंकि पीड़ित ऐसा नहीं चाहता। वह अब अपने घर पहुंचकर खुश है और सुरक्षित है।













Click it and Unblock the Notifications