मेडागास्कर: गांधी जयंती पर भारतीय दूतावास में दिखेगा बड़ा बदलाव, पूरी तरह से सौर ऊर्जा पर होगा निर्भर
नई दिल्ली: भारत सरकार लगातार सौर और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने का काम कर रही है, ताकी पर्यावरण की रक्षा की जा सके। अब गांधी जयंती यानी 2 अक्टूबर को मेडागास्कर में स्थित भारतीय दूतावास पूरी तरह से सौर ऊर्जा पर निर्भर हो जाएगा। स्वच्छता, हरियाली और सौर ऊर्जा पर निर्भर ये भारत का पहला ग्लोबल मिशन होगा। भविष्य में इसी तरह के सौर ऊर्जा संयंत्र अन्य भारतीय दूतावासों पर भी लगाए जाएंगे।

मेडागास्कर की राजधानी अंटानानारिवो में स्थित भारतीय दूतावास की ओर जारी बयान के मुताबिक दूतावास की छत पर 8 किलोवाट सौर ऊर्जा के संयंत्र लगेंगे। इसके बाद मेडागास्कर में भारतीय दूतावास पहला दूतावास होगा, जो सौर ऊर्जा से अपनी बिजली की जरूरतों को पूरा करेगा। मौजूदा वक्त में भारत और मेडागास्कर दोनों ही अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन के सदस्य हैं। जिनका उद्देश्य जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता हानि और पर्यावरण प्रदूषण से लड़ने के लिए सौर ऊर्जा को बढ़ावा देना है।
अधिकारियों के मुताबिक इस प्रोजेक्ट का उद्घाटन 2 अक्टूबर को मेडागास्कर के मंत्री बाओमियावोत्से वाहिनाला और भारतीय राजदूत अभय कुमार संयुक्त रूप से करेंगे। इस कार्यक्रम को कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइव प्रसारित किया जाएगा। इसमें संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP) की सदस्य मैरी डिमोंड, संयुक्त राष्ट्र औद्योगिक विकास संगठन (UNIDO) के Volatiana Rakotondrazafy और वर्ल्ड वाइड फंड के कंट्री डायरेक्टर (WWF) शामिल होंगे।












Click it and Unblock the Notifications