Russia Ukraine War: ' किसी भी हाल में भारतीय आज छोड़ दें कीव ', Indian Embassy ने जारी की एडवाइजरी
कीव। रूस और यूक्रेन के बीच चल रहा युद्ध थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस युद्ध में कई हजार भारतीय छात्र और लोग फंसे हुए हैं, जिन्हें सुरक्षित निकालने के लिए भारत सरकार ऑपरेशन गंगा चला रही है। इसी क्रम में यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने मंगलवार को कीव में फंसे भारतीयों को किसी भी हालत में राजधानी शहर छोड़ने को कहा है। दूतावास ने भारतीय नागरिकों पहले से उपलब्ध ट्रेनों के माध्यम से या किसी अन्य उपलब्ध माध्यम से निकलने की सलाह दी है।

दूतावास ने कहा कि छात्रों सहित सभी भारतीय नागरिकों को आज तत्काल कीव छोड़ने की सलाह दी जाती है। अधिमानतः उपलब्ध ट्रेनों या किसी अन्य उपलब्ध माध्यम से बाहर निकलें। बता दें कि यूक्रेन में करीब 20 हजार भारतीय लोग मौजूद थे, जिनमें से ज्यादातर वहां मेडिकल की पढ़ाई करने गए थे। इनमें से चार हजार से ज्यादा लोग वापस भारत आ चुके हैं। ऑपरेशन गंगा की आठवीं फ्लाइट बुडापेस्ट (हंगरी) से दिल्ली के लिए मंगलवार को ही रवाना हुई है। इससे पहले आज यूक्रेन से एक फ्लाइट 182 भारतीय छात्र को लेकर छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंची।
यूक्रेन युद्ध के छठे दिन रूस ने पूरी ताकत के साथ लड़ाई शुरू कर दी है और रूस का मकसद अब पूरी तरह से साफ है, किसी भी हालत में जल्द से जल्द कीव पर कब्जा करना। वहीं, कुछ रिपोर्ट्स में दावे किए गये हैं कि, यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कीव को छोड़ दिया है, वहीं आज कीव और खार्किव के बीच एक सैन्य ठिकाने पर रूस के हमले में कम से कम 70 यूक्रेनी सैनिक मारे गये हैं। वहीं, अमेरिका ने कहा है कि, वो यूक्रेन युद्ध पर लगातार भारत में अपने पार्टनर्स के साथ संपर्क में है।












Click it and Unblock the Notifications