जॉन कैरी ने भारत में अमेरिकी राजदूत के तौर पर दिलाई रिचर्ड वर्मा को शपथ
वाशिंगटन। अमेरिका के विदेश सचिव जॉन कैरी ने शनिवार को भारत में पहले भारतीय-अमेरिकी राजदूत रिचर्ड राहुल वर्मा को अमेरिकी राजदूत के तौर पर शपथ दिलाई। रिचर्ड वर्मा पहले अमेरिकी राजदूत हैं जो भारतीय मूल के हैं। पिछले हफ्ते ही अमेरिकी सीनेट की ओर से रिचर्ड के नाम को मंजूरी दी गई थी।

अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह में भारत आ रहे हैं। वह यहां पर बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। ओबामा की भारत यात्रा से पहले रिचर्ड भारत आकर अपने पद को संभालेंगे।
उम्मीद है कि वह जल्द ही नई दिल्ली आएंगे और अपने सभी जरूरी डॉक्यूमेंट्स राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को सौपेंगे। मई में जब से नैंसी पॉवेल ने अपना पद छोड़ा है तब से ही भारत में कोई भी स्थायी अमेरिकी राजदूत नहीं है। फिलहाल अमेरिकी दूतावास का सारा काम कैथलीन स्टीफंस कर रही हैं।
ओबामा से वर्मा का संबंध 2008 से है जब उन्होंने इलिनॉयस के तत्कालीन सेनेटर के लिए राष्ट्रपति पद से संबंधित बहस की तैयारियों पर काम किया था। वर्मा, नैंसी पॉवेल की जगह लेंगे। उनके माता-पिता 1960 के दशक के शुरू में अमेरिका आए थे।












Click it and Unblock the Notifications