भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच रक्षा क्षेत्र में बड़ा समझौता, राजनाथ सिंह के साथ ऑस्ट्रेलियन रक्षा मंत्री की बैठक
भारत और ऑस्ट्रेलिया के रक्षा मंत्रियों के बीच नई दिल्ली में रक्षा क्षेत्र को लेकर काफी अहम बैठक हुई है।
नई दिल्ली, सितंबर 10: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रक्षा क्षेत्र में काफी अहम समझौते किए गये हैं। भारत दौरे पर आए ऑस्ट्रेलिया के रक्षा मंत्री पीटर डटन और भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बीच नई दिल्ली में काफी अहम बातचीत की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक इस बैठक में दोनों देशों के रक्षामंत्रियों ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने और रणनीतिक संबंधों को बढ़ावा देने के लिए व्यापक बातचीत की है।

भारत दौरे पर ऑस्ट्रेलियन रक्षा मंत्री
भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और ऑस्ट्रेलियन रक्षा मंत्री पीटर डटन के बीच भारत और ऑस्ट्रेलिया के विदेश और रक्षा मंत्रियों के बीच 'टू-प्लस-टू' की बैठक से एक दिन पहले ये बैठक हुई है। कल दोनों देशों के बीच ''टू प्लस टू'' बैठक होना है। इस बैठक के बाद एक अधिकारी ने कहा है कि दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी बढ़ाने को लेकर काफी अहम बैठक की गई है। आपको बता दें कि ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री मारिस पायने और रक्षा मंत्री पीटर डटन ''टू-प्लस-टू'' वार्ता के लिए शुक्रवार को भारत पहुंचे हैं। जिसके दौरान दोनों पक्षों के अफगानिस्तान की स्थिति पर विचारों का आदान-प्रदान करने के अलावा द्विपक्षीय रक्षा और रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करने पर विचार-विमर्श करने की उम्मीद है।
बैठक में चीन बना प्रमुख मुद्दा
राजनयिक सूत्रों ने कहा कि मंत्रिस्तरीय वार्ता में दोनों पक्षों के इस क्षेत्र में चीन की बढ़ती सैन्य आक्रामकता के मद्देनजर भारत-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देने के तरीकों पर भी चर्चा करने की उम्मीद है। ऑस्ट्रेलिया और भारत दोनों क्वाड गठबंधन का हिस्सा हैं, जिसने एक स्वतंत्र, खुले और समावेशी इंडो-पैसिफिक सुनिश्चित करने की दिशा में काम करने का संकल्प लिया है। क्वाड के अन्य दो सदस्य अमेरिका और जापान हैं। सूत्रों ने कहा कि समुद्री सुरक्षा के क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग का विस्तार टू प्लस टू वार्ता में मुख्य फोकस के तौर पर रहने वाला है। दोनों देशों के बीच रणनीतिक सहयोग का विस्तार करने के लिए एक समग्र लक्ष्य के हिस्से के रूप में विदेश और रक्षा मंत्रियों के बीच संवाद स्थापित किया गया है। भारत के पास अमेरिका और जापान सहित बहुत कम देशों के साथ बातचीत के लिए टू प्लस टू का ढांचा है। आपको बता दें कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रक्षा और सैन्य सहयोग फिलहाल चरम पर है।
भारत-ऑस्ट्रेलिया रक्षा संबंध
आपको बता दें कि पिछले कुछ वर्षों में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रक्षा और सैन्य सहयोग में तेजी आई है। पिछले साल जून में, भारत और ऑस्ट्रेलिया ने अपने संबंधों को एक व्यापक रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष स्कॉट मॉरिसन के बीच एक ऑनलाइन शिखर सम्मेलन के दौरान लॉजिस्टिक समर्थन के लिए सैन्य ठिकानों तक पारस्परिक पहुंच के लिए एक ऐतिहासिक समझौते पर हस्ताक्षर किए गये। ऑस्ट्रेलियाई नौसेना हाल ही में भारत के साथ मालाबार नौसैनिक अभ्यास में हिस्सा लिया था।












Click it and Unblock the Notifications