Imran Khan arrest: इमरान खान को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस, समर्थक कर रहे पत्थरबाजी, हिंसक हुए हालात
इमरान खान के खिलाफ तोशाखाना घोटाले के आरोप हैं। आरोप है, कि इमरान खान को विदेशों से जो गिफ्ट मिली थी, उसे उन्होंने बेचकर उन्होंने करोड़ों रुपये कमाए हैं।

Imran Khan arrest: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान किसी भी वक्त गिरफ्तार हो सकते हैं और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए इस्लामाबाद की पुलिस लाहौर स्थिति उनके घर जमां पार्क पहुंच गई है। वहीं, जियो न्यूज के मुताबिक, इमरान खान के आवास पर भारी संख्या में उनके समर्थक मौजूद हैं, जिनके साथ पुलिस का संघर्ष शुरू हो गया है। अदालत के आदेश के बाद इस्लामाबाद पुलिस इमरान खान को गिरफ्तार करने उनके घर पहुंची है। कल ही इस्लामाबाद की पुलिस लाहौर पहुंच चुकी थी। आपको बता दें, कि इमरान खान को तोशाखाना मामले में पुलिस गिरफ्तार करने पहुंची है, जब कोर्ट ने उनके खिलाफ गैर- जमानती वारंट जारी किया था।

इमरान खान को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) प्रमुख को गिरफ्तार करने के अदालती आदेश का पालन करने के लिए इस्लामाबाद पुलिस की एक टीम कल से लाहौर में है, जिन पर विभिन्न शहरों में कई मामले दर्ज हैं। सोमवार को इस्लामाबाद की एक जिला और सत्र अदालत ने तोशखाना मामले में पूर्व प्रधानमंत्री के गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट को बहाल कर दिया। इस्लामाबाद कोर्ट ने इससे पहले सुनवाई से छूट की मांग वाली उनकी याचिका पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। इससे पहले सूत्रों ने जियो न्यूज को बताया था, कि इस्लामाबाद और लाहौर के पुलिस अधिकारियों के बीच एक बैठक के दौरान कई फैसले लिए गए हैं, जिसमें इमरान की गिरफ्तारी के वक्त कानून व्यवस्था को दुरूस्त रखने और उन्हें वापस इस्लामाबाद ले जाने पर बात की गई है। पाकिस्तानी न्यूज चैनलों पर प्रसारित होने वाले वीडियो फूटेज में देखा जा रहा है, कि लाहौर पुलिस इमरान खान के समर्थकों पर पानी के फव्वारे छोड़ रही है। वहीं, दंगा कंट्रोल यूनिट भी मौके पर मौजूद है, जबकि इमरान खान के समर्थक पत्थरबाजी कर रहे हैं। सैकड़ों की तादाद में पुलिस जवानों को इमरान खान के आवास के बाहर देखा जा रहा है, वहीं इमरान खान के समर्थक भी हजारों की तादाद में मौजूद हैं, लिहाजा भीषण हिंसा की आशंका जताई जा रही है।
इमरान खान पर क्या आरोप हैं?
इमरान खान के खिलाफ तोशाखाना स्कैम के आरोप हैं। आरोप है, कि इमरान खान को विदेशों से जो गिफ्ट मिली थी, उसे उन्होंने बेचकर उन पैसों का निजी इस्तेमाल किया। इमरान खान को 38 लाख रुपये मूल्य की ग्रेफ घड़ी के साथ साथ पांच कीमती कलाई घड़ियां मिली थीं। लेकिन, अक्टूबर 2018 में उन्होंने सिर्फ साढ़े सात लाख रुपये में सभी घड़ियां ले लीं। आश्चर्य तो इस बात को लेकर है, कि उन्होंने इन सभी घड़ियों को बाद में नीलाम कर दिया और उससे 2 करोड़ रुपये कमा लिए। इमरान खान साल 2018 में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बने थे। इसके बाद वे अलग-अलग देशों की यात्रा पर गए। यूरोप और अरब देशों की यात्रा करने के दौरान उन्हें कई कीमती उपहार मिले थे। इन गिफ्ट्स में एक Graff घड़ी, कफलिंक का एक जोड़ा, एक महंगा पेन, एक अंगूठी और चार रोलेक्स घड़ियां सहित कई अन्य उपहार भी थे। इमरान खान ने इन उपहारों को तो तोशेखान में जमा करा दिया था, लेकिन बाद में इन्हें सस्ते दामों पर खुद खरीद लिया और उन्हें खूब मुनाफे में बेचा। इस पूरी प्रक्रिया के लिए उनकी सरकार ने बाकायदा कानूनी अनुमति दी थी। लेकिन, जब मामला प्रकाश में आया, और इमरान खान पर दबाव बढ़ा, तो उन्होंने कुबूल किया कि तोशाखान से इन सभी गिफ्ट्स को 2.15 करोड़ रुपए में खरीदा था, बेचने पर उन्हें 5.8 करोड़ रुपए मिले थे। बाद में खुलासा हुआ, कि इमरान खान ने ये गिफ्ट्स बेचकर 20 करोड़ से भी अधिक पाकिस्तानी रुपये कमाए थे।












Click it and Unblock the Notifications