Howdy Modi: ह्यूस्टन में राष्ट्रपति ट्रंप बोले, Be Careful! मैं आ सकता हूं इंडिया
ह्यूस्टन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को टेक्सास के ह्यूस्टन में एनआरजी स्टेडियम में 50,000 भारतीय-अमेरिकियों को संबोधित किया। राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने संबोधन मप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक अच्छा दोस्त बताया। अपने इस दोस्त के साथ उन्होंने मजाक भी किया और यह मजाक इस बात को बताने के लिए काफी है कि दोनों नेताओं की केमेस्ट्री पिछले कुछ समय में एक नए स्तर पर पहुंच गई है। ट्रंप ने यह मजाक उस समय किया जब वह भारत में एनबीए के डेब्यू के बारे में ऐलान कर रहे थे।

'एनबीए का मैच देखने आऊंगा'
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, 'बहुत जल्द भारत के पास वर्ल्ड क्लास अमेरिकी प्रोडक्ट, एनबीए बास्केटबॉल होगा। सुनकर बहुत ही अच्छा लग रहा है। अगले हफ्ते हजारों लोग मुंबई में भारत के पहले एनबीए गेम के गवाह बनेंगे।'इसके बाद उन्होंने आगे कहा, 'क्या मैं इनवाइटेड हूं मिस्टर प्राइम मिनिस्टर? मैं आ सकता हूं, सावधान रहिए।' आपको बता दें कि राष्ट्रपति ट्रंप के भारत आने के कयास पिछले वर्ष से लग रहे हैं और कहा जा रहा था कि वह साल 2019 में होने वाली गणतंत्र दिवस परेड में शामिल हो सकते हैं। हाउडी मोदी के दौरान पीएम मोदी और ट्रंप का एक अलग ही याराना नजर आया। ट्रंप ने इस दौरान पीएम मोदी को भारत का एक ग्रेट लीडर करार दिया। दूसरी ओर पीएम मोदी ने कहा, 'अबकी बार ट्रंप सरकार।'
पीएम मोदी को दी बर्थडे विश
राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने भाषण की शुरुआत पीएम मोदी को बर्थडे विश के साथ की। इसके बाद उन्होंने कहा, 'पीएम नरेंद्र मोदी, मैं आपके साथ काम करने को लेकर उत्सुक हूं। और मैं कहना चाहूंगा, जो काम आप भारत में कर रहे हैं, मैं भी वहीं काम यहां पर कर रहा हूं।' ट्रंप ने इस दौरान यह भी कहा, 'अगर मैं दोबारा चुना गया तो भारत का एक सच्चा दोस्त व्हाइट हाउस में होगा।' ट्रंप ने यह भी कहा कि उनसे बेहतर भारत का अच्छा दोस्त कोई और नहीं है और पीएम मोदी इस बात को जानते हैं। अपने भाषण का अंत उन्होंने, 'गॉड ब्लेस अमेरिका, गॉड ब्लेस इंडिया' के साथ किया। इसके साथ ही उन्होंने पीएम मोदी को भारत का ग्रेट लीडर बताते हुए, मंच पर उन्हें संबोधन के लिए इनवाइट किया।












Click it and Unblock the Notifications