देखते ही देखते समंदर में डूबा हांगकांग का सबसे मशहूर रेस्तरां, चर्चित हस्तियों ने जताई निराशा
हांगकांग का मशहूर जंबो फ्लोटिंग रेस्तरां दक्षिण चीन सागर में डूब गया है। कई दशकों से समंदर में तैरता यह रेस्तरां हांगकांग में पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।
विक्टोरिया, 21 जूनः हांगकांग का मशहूर जंबो फ्लोटिंग रेस्तरां दक्षिण चीन सागर में डूब गया है। कई दशकों से समंदर में तैरता यह रेस्तरां हांगकांग में पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। इसे साल 1976 में खोला गया था। कैंटोनीज फूड्स में यह अव्वल दर्जे का माना जाता था।
तस्वीर- ट्विटर

खराब मौसम का हुआ शिकार
इसके मलिकाना हक वाली कंपनी एबरडीन रेस्तरां एंटरप्राइजेज ने सोमवार को यह जानकारी कि रविवार को दक्षिण चीन सागर में पारासेल द्वीप समूह के पास से गुजरते समय जंबो फ्लोटिंग रेस्तरां खराब मौसम का शिकार हो गया था। इसके बाद रेस्तरां के अंदर पानी भरने लगा और वह डूबने लगा।

कंपनी ने जताई निराशा
कंपनी के मुताबिक, हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन तैरते रेस्तरां को बचाने के सभी प्रयास नाकाम रहे और रविवार को यह पूरी तरह से डूब गया। कंपनी ने एक बयान जारी कर कहा, ''घटनास्थल पर पानी की गहराई 1,000 मीटर से अधिक थी। ऐसे में बचाव कार्यों को अंजाम देना बेहद मुश्किल हो गया था।'' बयान में कंपनी ने कहा है कि वे इस हादसे से बेहद दुखी हैं।'

चार दशक से आकर्षण का केंद्र
एक चीनी शाही महल जैसा दिखने वाला जंबो फ्लोटिंग रेस्तरां की लंबाई लगभग 80 मीटर थी। यह बीते चार दशक से अधिक समय से हांगकांग में लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा था। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय और टॉम क्रूज सहित 30 लाख से अधिक मेहमान इसमें मशहूर 'कैंटोनीज' व्यंजनों का लुत्फ उठा चुके हैं।

कोरोना में बंद हुआ रेस्तरां
जंबो फ्लोटिंग रेस्तरां को साल 2020 में कोविड-19 वैश्विक महामारी की वजह से बंद कर दिया गया था। कंपनी ने तब रखरखाव की भारी लागत का हवाला देते हुए इस रेस्तरां के सभी कर्मचारियों को भी निकाल दिया था। इसके बाद से इस रेस्तरां को पुनर्जीवित करने के कई प्रयास किए गए लेकिन वे सभी नाकाफी साबित हुए।

रेस्तरां को चलाना महंगा सौदा
इस रेस्तरां को संचालित करने वाली कंपनी एबरडीन ने बताया कि इस शानदार शाही रेस्तरां को चलाना एक महंगा सौदा था। कंपनी हर साल इसके रखरखाव में लाखों डॉलर खर्च कर रही थी लेकिन उन्हें इससे अर्जित राज्सव से अधिक मुनाफा नहीं हो पा रहा था।

लोगों ने कहा- एक युग का अंत
इसकी विदाई की खबर सुनकर कई लोगों ने अपना दुख जाहिर किया है। लोगों ने कहा कि इस रेस्तरां का यूं हमारी जिंदगी से अलग होना एक युग का अंत है।












Click it and Unblock the Notifications