पाकिस्तान में मंदिरों की सुरक्षा करेंगे 400 पुलिसकर्मी, डकैतों ने हिंदुओं को दिया ये अल्टीमेटम
पाकिस्तान में शनिवार को कराची में 150 साल पुराने मंदिर में तोड़फोड़ किए जाने के बाद रविवार को एक और हिन्दू मंदिर को निशाना बनाया गया।
हिन्दू मंदिरों के साथ तोड़फोड़ के बढ़ते मामले को देखते हुए पाकिस्तान सरकार ने हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। इसके साथ ही सरकार ने हिन्दू मंदिरों की सुरक्षा बढ़ा दी है।

पाकिस्तानी वेबसाइट डॉन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सिंध के मंदिरों की सुरक्षा के लिए 400 से ज्यादा हिंदू पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। सिंध पुलिस प्रमुख गुलाम नबी मेमन ने पूरे प्रांत में स्थित मंदिरों में सुरक्षा हाई अलर्ट का आदेश दिया है।
सिंध के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) मेमन ने हिंदुओं से अपने मंदिरों में सुरक्षा कर्तव्यों के लिए तैनात कर्मियों के साथ हर संभव सहयोग सुनिश्चित करने का अनुरोध करते हुए कहा कि प्रांत में रहने वाले अल्पसंख्यकों और अन्य समुदायों की रक्षा करना पुलिस की जिम्मेदारी है।
इन मंदिरों में तैनात सभी कर्मियों को भी दो महीने के लिए सुरक्षा कर्तव्यों का काम सौंपा गया है। वहीं, काशमोर-कंधकोट पुलिस ने मंदिर पर हमले को लेकर सोमवार को अज्ञात हमलावरों के खिलाफ आतंकवाद रोधी अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
इस बीच सिंध के अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री ज्ञानचंद इस्सरानी ने सदन को बताया कि डकैतों ने प्रांत के मंदिरों पर हमला करने की भी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में हिंदू समुदाय ने कुछ भी गलत नहीं किया है, इसलिए उनके पूजा स्थलों को नुकसान नहीं पहुंचाया जाना चाहिए।
मंत्री इस्सरानी ने प्रांत के डकैतों से आग्रह किया है कि वे अपने हिंदू समुदाय को नुकसान न पहुंचाएं जो पिछली कई शताब्दियों से इस क्षेत्र में शांतिपूर्वक रह रहे हैं। उन्होंने सोमवार को प्रांतीय विधानसभा के पटल पर एक प्रश्न का उत्तर देते समय यह अपील की।
बता दें कि पाकिस्तान में शनिवार और रविवार को लगातार दो मंदिरों को हमलावरों ने निशाना बनाया था। पाकिस्तान के मानवाधिकार आयोग (एचआरसीपी) ने भी इसे लेकर चिंता जाहिर की।
पाकिस्तान के मानवाधिकार आयोग (एचआरसीपी) ने कहा कि वह सिंध के काशमोर और घोटकी जिलों में बिगड़ती कानून व्यवस्था की रिपोर्टों से चिंतित है, जहां महिलाओं और बच्चों सहित हिंदू समुदाय के लगभग 30 सदस्यों को कथित तौर पर बंधक बना लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications