अलास्का में स्कीइंग ट्रिप पर हेलीकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत 5 लोगों की मौत
वाशिंगटन: अमेरिका के अलास्का में शनिवार को एक बड़ा हादसा हुआ, जहां एक हेलीकॉप्टर स्कीइंग ट्रिप पर क्रैश हो गया। इस घटना में 5 लोगों की मौत हुई जबकि एक घायल बताया जा रहा है। जिसको एंकरेज अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक पांच मृतकों में तीन गेस्ट और 2 गाइड शामिल थे। वहीं पीड़ितों के परिवार को सूचना देने के बाद उनके शव को भेजने की व्यवस्था की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक गर्मियों में लोग यहां पर ट्रैकिंग और बोटिंग के लिए आते हैं, जबकि ठंड में यहां पर स्कींग होती है। हेलीकॉप्टर की क्रैश साइट 28 मील के ग्लेशियर के नाइक नदी के पास है। रेस्क्यू टीम के मुताबिक जब वो वहां पर पहुंचे तब तक 5 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बावजूद उन्होंने सर्च ऑपरेशन जारी रखा और एक घायल को खोज निकाला। मृतकों की पहचान ग्रेगरी हार्म्स, पीटर केलर, बेंजामिन लारोचिक्स, सीन मैकमैननी और पायलट जैचेरी रसेल के रूप में हुई है।
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने कहा कि यूरोकॉप्टर एएस 50 शनिवार को शाम 6:35 बजे एंकोरेज से लगभग 50 मील (80 किमी) पूर्व में अज्ञात परिस्थितियों में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। ये दुर्घटनास्थल नाइक ग्लेशियर के पास था। वहीं जो हेलीकॉप्टर क्रैश हुआ उसका संचालन Soloy हेलीकॉप्टर्स लिमिटेड करती है, जिसके पास अलास्का में सेवा देने के लिए 19 चॉपर्स का बेड़ा है। कंपनी ने अपने अधिकारिक बयान में कहा कि 17 साल के बिजनेस में ऐसा पहली बार हुआ, जब उनका कोई हेलीकॉप्टर दुर्घटना का शिकार हुआ। हेलीकॉप्टर के पायलट और गाइड काफी अनुभवी थे और दोनों को इलाके की अच्छी जानकारी थी, जिस वजह से वो हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटे हैं।












Click it and Unblock the Notifications