मालदीव से सिंगापुर जाएंगे श्रीलंका के राष्ट्रपति, एयरपोर्ट पर भारी सुरक्षा बल तैनात
कोलंबो, 14 जुलाई। श्रीलंका में चल रहे आर्थिक संकट के बीच राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे मालदीव से सिंगापुर जाने की फिराक मे हैं। मालदीव के वेलना इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार की रात भारी सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। गोटाबाया बुधवार को श्रीलंका से मालदीव पहुंचे थे। पिछले कई दिनों से उनके खिलाफ श्रीलंका में प्रदर्शन हो रहा था और लोग उनके इस्तीफे की मांग कर रहे थे। सूत्रों के अनुसार राजपक्षे श्रीलंका के स्पीकर को सिंगापुर पहुंचने के बाद अपना इस्तीफा भेज सकते हैं। इस बीच यह रिपोर्ट भी सामने आ रही है कि वेलना इंटरनेशनल एयरपोर्ट के वीआईपी टर्मिनल में जो पत्रकार राजपक्षे का इंतजार कर रहे थे, उन्हें सुरक्षाकर्मियों ने हटा दिया है। रिपोर्ट के अनुसार राष्ट्रपति ने मालदीव सरकार से सिंगापुर जाने के लिए प्राइवेट विमान मुहैया कराने की अपील की है। बता दें कि श्रीलंका में विरोध प्रदर्शन काफी उग्र हो गया है। बुधवार को गोटाबाया राजपक्षे देश छोड़कर भाग गए, जिसके बाद देश में आपातकाल घोषित कर दिया गया।

बता दें कि बुधवार को गोटाबाया राजपक्षे इस्तीफा देने से पहले ही देश से बाहर चले गए थे। दरअसल उन्हें नई सरकार के गठन के बाद गिरफ्तारी का डर सता रहा था, यही वजह है कि उन्हें देश से बाहर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा। श्रीलंका के कानून के अनुसार बतौर राष्ट्रपति उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जा सकता था। लिहाजा वह किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहते थे। राजपक्षे बुधवार की सुबह सैन्य विमान से मालदीव पहुंचे। राजपक्षे के मालदीव पहुंचने के बाद ही देश में आपातकाल की घोषणा कर दी गई। पूरे देश में गुरुवार की सुबह 5 बजे तक के लिए कर्फ्यू लगा दिया गया था। वहीं मालदीव की सरकार की ओर से कहा गया है कि राजपक्षे ने इस्तीफा नहीं दिया है और वह मालदीव में हैं। वहीं राजपक्षे के देश छोड़ने के बाद से ही उनके खिलाफ भारी विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया।












Click it and Unblock the Notifications