Heat Dome: अगस्त में यूरोप के इन देशों में मचने वाला है कहर, अमेरिका-कनाडा में मचा चुका है तबाही
रोम, 11 अगस्त: यूरोप के कई देश एकबार फिर से भयानक गर्मी की चपेट में आ सकते हैं। गौरतलब है कि ग्रीस पहले से ही भीषण गर्मी और उसके चलते जंगलों में लगी आग की घटनाओं से बेहाल है। पिछले महीने अमेरिका और कनाडा में हीट डोम की स्थिति बनी थी और वहां सैंकड़ों लोगों ने गर्मी के चलते जान गंवा दिया था। अब यूरोप में भी इटली, स्पेन और पुर्तगाल जैसे देशों में हीट डोम की स्थिति बनने की भविष्यवाणी की गई है। इस हफ्ते अधिकतम तापमान 46 डिग्री तक पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।

यूरोप में 'हीट डोम' का खतरा
हफ्ते भर से थोड़ा ही ज्यादा गुजरा है यूरोप में एकबार फिर से भयानक लू चलने वाली है। भूमध्यसार के ऊपर मौजूद हीट डोम के जल्द ही यूरोप के दक्षिण हिस्से के ऊपर डेरा डालने की संभावना है। इसके चलते बहुत ही भयानक गर्मी पड़ने की आशंका है। यह भयानक गर्मी इटली, माल्टा, ग्रीस से लेकर स्पेन और पुर्तगाल तक में कहर बरपा सकती है। माना जा रहा है कि इस दौरान यूरोप में अधिकतम तापमान 46 डिग्री तक को छू सकता है, जिसके चलते मौजूदा सूखे की स्थिति और गंभीर हो सकती है और यह वाइल्डलाइफ के लिए बहुत ही गंभीर खतरा साबित हो सकता है।

यूरोप में इससे पहले कब पड़ी भयानक गर्मी
वैसे जुलाई के आखिर में भी यूरोप के पश्चिमी हिस्से में तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज किया जा रहा था। लेकिन, आने वाले मौसम का अनुमान ज्यादा गंभीर है। ग्रीस तो पहले से ही इसकी चपेट में है, जहां तापमान 47 डिग्री को पार कर चुका है। इससे पहले 25 जुलाई, 2007 को इटली के फोगिया शहर में अधिकतम तापमान 47 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं 13 जुलाई, 2017 को स्पेन के मोंटोरो शहर में तापमान 47.3 डिग्री पहुंच गया था। पुर्तगाल में भी 1 अगस्त,2003 को पारा 47.4 डिग्री सेंटीग्रेड तक पहुंच गया था।

ग्रीस के जंगलों में लग चुकी है आग
असल में भारी गर्मी का कहर इस साल ग्रीस पहले ही देख चुका है। उत्तरी ग्रीस में अधिकतम तापमान 47.1 दर्ज किया गया था। कई सालों में यह ग्रीस का सबसे गर्म मौसम रहा है। वहां जंगल में आग लगने के चलते भारी तबाही हुई है। वैसे ग्रीस के दो शहरों में 40 साल पहले जो अधिकतम तापमान दर्ज किए गए थे, वे आधिकारिक तौर पर अभी भी रिकॉर्ड हैं। उसके दो प्रमुख शहरों एथेंस और एल्फ्सिना में 10 जुलाई, 1977 को पारा 48 डिग्री सेल्सियस के ऊपर चला गया था। ग्रीस के नाम यूरोप के भी सबसे ज्यादा तापमान का रिकॉर्ड है। पिछले हफ्ते 2 और 3 अगस्त को ग्रीस और तुर्की ने बहुत ही भयानक गर्मी झेली है।

सूखे और जंगल की आग जैसी घटनाओं में इजाफे का डर
इस हफ्ते से यूरोप में हीट डोम की स्थित बनने के चलते जो अप्रत्याशित गर्मी पड़ने का अनुमान जाहिर किया गया है, उसके चलते जबर्दस्त सूखे और जंगल में आग जैसी घटनाओं के और ज्यादा गंभीर होने की बात कही जा रही है। लोगों को हीटस्ट्रोक और डी-हाइड्रेशन जैसी समस्याओं से सावधान रहने की सलाह दी जा रही है। इटली के बाद इस हफ्ते के अंत तक स्पेन और पुर्तगाल में हालात ज्यादा बिगड़ सकते हैं। दक्षिण पुर्तगाल में तापमान 42 से 44 डिग्री को छू सकता है तो दक्षिणी स्पेन में हालत और भी गंभीर होने की आशंका जताई गई है। वहीं मौसम के विशेषज्ञों ने ग्रीस में एकबार फिर से भयानक गर्मी की वापसी की बात कही है।

हीट डोम क्या है ?
2021 में हीट डोम यूरोप से पहले उत्तरी अमेरिकी देशों में तबाही मचा चुका है। अमेरिका के नेशनल ओशनिक एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन के अनुसार यह स्थिति तब बनती है, जब गर्म समुद्री हवा के ऊपर वायुमंडल की छतरी बन जाती है और वह गर्म हवा एक सीमित दायरे में घूमती रहती है। मौसम की यह असहज घटना तब घटती है, जब बहुत समुद्र बहुत ज्यादा गर्म हो जाता है, जिसके चलते उसकी सतह से गर्म हवाएं ऊपर उठने को मजबूर होती हैं। लेकिन, वायुमंडल के अध्यधिक दबाव के चलते वह समुद्री गर्म हवा नीचे की ओर धखेली जाती है। इससे वह खास क्षेत्र हीट चैंबर की तरह बर्ताव करने लगता है। अमेरिका और कनाडा में आर्कटिक के ऊपर बने उच्च दबाव के चलते इसबार हीट डोम ने सैकड़ों लोगों की जान ले ली है। कनाडा में इसके चलते तापमान 50 डिग्री तक चला गया था।(ग्रीस में जंगल की आग वाली तस्वीरों को छोड़कर बाकी सांकेतिक)












Click it and Unblock the Notifications