हमास ने इजराइल के 13, थाईलैंड के 12 बंधकों को छोड़ा, युद्ध के बीच आई सबसे बड़ी खबर
इजराइल और हमास के बीच शुक्रवार सुबह से जारी युद्धविराम के बीच हमास ने थाईलैंड के 12 नागिरकों को छोड़ दिया है। इसके अलावा हमास ने 13 इजराइली बंधकों को राहत कार्य में लगी संस्था रेड क्रॉस के हवाले कर दिया है।
आपको बता दें कि इजराइल और हमास के बीच समझौते के तहत चार दिवसीय युद्ध विराम शुक्रवार को सुबह प्रभावी हो गया है। इसी के साथ इजराइल में कैद फिलिस्तीनियों और गाजा में उग्रवादियों द्वारा बंधक बनाए गए दर्जनों लोगों की अदला-बदली शुरू हो गई है।

टीवी चैनल 12 के अनुसार सभी बंधकों को राफा क्रॉसिंग के जरिए मिस्र ले जाया गया है। अब तक ये स्पष्ट नहीं है कि हमास ने कहां पर बंधकों को रेड क्रॉस को सौंपा है। मिस्र ने जानकारी दी है कि इजराइली बंधक अब उनके देश पहुंच गए हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक इन सभी को आरिश हवाई अड्डे ले जाया जा रहा है। यहां से इन लोगों को सैन्य हेलिकॉप्टर के जरिए इजराइल ले जाया जाएगा। इजराइली प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक पीएम नेतन्याहू और रक्षा मंत्री गैलैंट सेना के कमांड सेन्टर में इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।
न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक 4 दिन के सीजफायर के दौरान 150 फिलिस्तीनी कैदियों के बदले कुल 50 बंधकों को छोड़ने पर सहमति बनी है। कुछ ही देर में इजराइल भी 39 फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा करेगा।
इसी बीच थाईलैंड के प्रधानमंत्री श्रेथा थाविसिन ने X पर 12 थाई बंधकों के छोड़ने जाने की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि हमास ने 12 थाई नागरिकों को छोड़ दिया है। गौरतलब है कि थाई नागरिक युद्धविराम की शर्तों का हिस्सा नहीं हैं।
थाईलैंड दूतावास के अधिकारियों का कहना है कि वो "बंधकों को लाने जा रहे हैं।" हालांकि उन्होंने ये नहीं बताया है कि बंधकों को कहां रखा गया है। उनके नाम और विवरण जल्द ही सामने आ जाएंगे। थाईलैंड सरकार के मुताबिक उसके 26 नागरिकों को हमास ने बंधक बनाया था।












Click it and Unblock the Notifications