हमास ने किया दो इजराइली बंधकों की मौत का ऐलान, वीडियो जारी कर कहा था, 'कल बताएंगे इनका भाग्य'
Hamas announces death of two Israeli hostages: चल रहे इजरायल-हमास संघर्ष के बीच एक भयावह घटनाक्रम में, फिलिस्तीनी आतंकवादी समूह हमास ने एक नया वीडियो जारी किया है, जिसमें दो इजरायली बंधकों की मौत की घोषणा की गई है। हमास के इस ऐलान ने क्षेत्र में पहले से ही अस्थिर और तनावपूर्ण स्थिति को और भड़का दिया है।
15 जनवरी 2024 को सामने आए वीडियो में 26 साल की महिला बंधक नोआ अरगामनी को दिखाया गया है। इससे पहले भी रविवार को हमास ने नोआ अरगामनी के साथ साथ दो और बंधकों का एक वीडियो जारी किया था, जिसमें कहा था, कि 'कल इनके भाग्य के बारे में सूचित किया जाएगा।'

हालांकि, वीडियो का सही समय स्पष्ट नहीं है, जिससे बंधकों की मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठ रहे हैं।
मीडिया रिपोर्टों में इन बंधकों की पहचान 53 वर्षीय योसी शरबी और 38 वर्षीय इताय स्विरस्की के रूप में की गई है, जिन्हें पहले रविवार को हमास द्वारा जारी एक वीडियो में जीवित देखा गया था। सोमवार के वीडियो के साथ हमास की सशस्त्र शाखा एज़ेदीन अल-क़सम ब्रिगेड ने दावा किया है, कि ये लोग इज़रायली सेना की बमबारी में घायल हुए थे।
इजराइल की सेना ने इन आरोपों का जोरदार खंडन किया है। सैन्य प्रवक्ता डैनियल हगारी ने दावे का खंडन करते हुए कहा, "यह हमास का झूठ है। जिस इमारत में उन्हें रखा गया था, उसे हमारी सेना ने निशाना नहीं बनाया है।" उन्होंने स्वीकार किया, कि इज़रायली बलों ने आस-पास के ठिकानों पर हमला किया और मामले की चल रही जांच की पुष्टि की।
आपको बता दें, कि 7 अक्टूबर को हमास ने दक्षिणी इजराइल में हमला किया था और कम से कम 1200 लोगों को मौत के घाट उतार दिया था और करीब 250 लोगों को बंधक बना लिया था। इजराइली अधिकारियों ने बताया है, कि गाजा में 132 लोग बचे हैं, जिनमें अनुमानित 25 मृतक भी शामिल हैं।
वहीं, हमास की सशस्त्र शाखा के प्रवक्ता अबू ओबैदा ने बंधकों के भाग्य के लिए इजरायली नेतृत्व और सेना को "पूरी तरह से जिम्मेदार" ठहराया है और कहा है, कि इजराइली हमले में कई और बंधक मारे गये होंगे।
जबकि, इजराइल के रक्षा मंत्री योव गैलेंट ने वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए हमास पर बंधकों के परिवारों पर "मनोवैज्ञानिक दबाव" डालने का आरोप लगाया और गाजा में किसी भी युद्धविराम से इनकार कर दिया है। उन्होंने बंधकों की रिहाई सुनिश्चित करने के लिए "सैन्य दबाव" की आवश्यकता पर जोर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications