Hajj yatra 2025: हज यात्री हो जाएं सावधान, अगर कर दी ये गलती तो भरना पड़ेगा लाखों का जुर्माना
Hajj yatra 2025: सऊदी अरब में स्थित मक्का-मदीना में हर साल भारत समेत दुनिया भर से मुसलमान हज यात्रा के लिए जाते हैं। इस बार हज यात्रा जाने की योजना बना रहे तीर्थयात्रियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है।
सऊदी अरब ने मक्का में 2025 में हज यात्रा पर जाने वाले तीर्थयात्रियों के लिए और कड़े नियम लागू कर दिए हैं। जिसका उल्लंघन करने पर हज यात्री को लाखों का जुर्माना भरना पड़ेगा। ये उपाय मक्का और मदीना की यात्रा करने वाले तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ को प्रबंधित करने और सुरक्षा को लेकर किया गया है।

दरअसल, सऊदी अरब ने हज यात्रा 2025 के लिए एडवाइजरी जारी की है। जिसमें आधिकारिक अनुमति के बिना हज यात्रा करने वालों और उनकी मदद करने वालों पर भारी जुर्माना लगाने का प्रवाधान किया गया है। आइए जानते हैं हज यात्राा को क्या है नियम और बिना अनुमति के हज यात्रा करने वालों से कितने रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा।
कब से शुरू हो रही हज यात्रा?
बता दें इस्लाम धर्म में पवित्र हज यात्रा चांद दिखने पर निर्भर करती है। हज यात्रा हर साल इस्लामिक कैलेंडर के आखिरी महीन धू अल-हिज्जा में होती है। इस साल हज यात्रा 4 जून से शुरू हो रही है और जिसके 9 जून 2025 तक चलते की संभावना है। याद रहे 2024 में हज यात्रा 14 जून से 19 जून तक हुई थी
बिना परमिट पकड़े गए तो लगेगा लाखों का जुर्माना?
हज यात्रा 2025 को लेकर सऊदी सरकार द्वारा जारी की एडवाइजरी के अनुसार आवश्यक परमिट प्राप्त किए बिना हज यात्रा पर आए हज यात्रा करने वाले यात्रियों पर ₹4.5 लाख का जुर्माना लगाया जाएगा। यह नियम उन वीज़ा धारकों पर भी लागू होता है जो बिना आधिकारिक अनुमति के निर्धारित अवधि के भीतर मक्का या अन्य पवित्र स्थलों में प्रवेश करते हैं।
मदद करने वालों पर भी लगेगा भारी जुर्माना
नए नियमों का उल्लंघन करने पर दंड बहुत ज़्यादा है, जिसका असर न केवल हज यात्रियों पर पड़ेगा, बल्कि अनधिकृत हज गतिविधियों में मदद करने वालों पर भी पड़ेगा। अपंजीकृत तीर्थयात्रियों को आवास प्रदान करने वाले होटल मालिकों और मकान मालिकों पर भी 22.7 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके अलावा, अनधिकृत तीर्थयात्रियों को ले जाने वाले वाहनों को ज़ब्त किया जाएगा।
इतना ही नहीं हज के दौरान अवैध रूप से प्रवेश करने वालों और उनकी मदद करने वालों को भी कठोर परिणाम भुगतने पड़ेगे, जिसमें सऊदी अरब से निष्कासन और फिर से प्रवेश पर दस साल का प्रतिबंध शामिल है।
कितने भारतीय हज यात्रा पर जा रहे
बता दें जून 2025 में हज यात्रा शुरू हो रही है। भारत से हज यात्रा के लिए 29 अप्रैल को लखनऊ और हैदराबाद से रवाना होंगी। इस साल कुल 1,22,518 भारतीय तीर्थयात्रियों के हज में भाग लेने की उम्मीद है, भारत सरकार उनकी यात्रा को सुविधाजनक बनाने के लिए व्यवस्था कर रही है।
सऊदी अरब ने भीड़ को कम करने के लिए उठाया ये कदम
हज यात्रा में भीड़ को प्रभावी ढंग से प्रबंधित करने के प्रयास में सऊदी अरब ने भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश सहित देशों से कुछ वीज़ा श्रेणियों पर प्रतिबंध भी लागू किए हैं। ये अस्थायी निलंबन हज यात्रा को सभी प्रतिभागियों के लिए व्यवस्थित और सुरक्षित बनाए रखने के लिए एक रणनीति का हिस्सा हैं।












Click it and Unblock the Notifications