Grok Vs India: अपने बनाए AI Grok से हारे एलन मस्क, भारत सरकार ने फटकारा, 72 घंटे का दिया अल्टीमेटम
Grok Vs India: भारत सरकार ने शुक्रवार को एलन मस्क के स्वामित्व वाले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' (पहले ट्विटर) को औपचारिक चेतावनी जारी की है। यह चेतावनी प्लेटफॉर्म के एआई टूल 'ग्रॉक' (Grok) के जरिए अश्लील और सेक्सुअल कंटेंट बनने, बनाने, फैलने और फैलाने को रोकने में बार-बार नाकामी के कारण दी गई है। सरकार ने साफ कहा है कि अगर निर्देशों का पालन नहीं हुआ, तो X अपनी कानूनी सुरक्षा खो सकता है और कंपनी के साथ-साथ उसके वरिष्ठ अधिकारियों पर आपराधिक कार्रवाई भी हो सकती है।
72 घंटे का अल्टीमेटम
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने X के भारत संचालन के मुख्य अनुपालन अधिकारी (Chief Compliance Officer) को 72 घंटे के भीतर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। साथ ही मंत्रालय ने 'ग्रॉक' के तकनीकी सिस्टम और गवर्नेंस से जुड़े सुरक्षा उपायों में तुरंत सुधार करने को कहा है। MeitY ने चेताया है कि नियमों की अनदेखी करने पर X को आईटी अधिनियम की धारा 79 के तहत मिलने वाली मध्यस्थ सुरक्षा खत्म हो सकती है।
कानूनी छूट खत्म होने का खतरा
मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि अगर धारा 79 के तहत मिलने वाली छूट खत्म होती है, तो X कई आपराधिक और नागरिक कानूनों के दायरे में आ जाएगा। इसका मतलब यह होगा कि प्लेटफॉर्म पर मौजूद गैरकानूनी कंटेंट के लिए कंपनी सीधे तौर पर जिम्मेदार मानी जा सकती है।

संसदीय स्तर तक पहुंचीं शिकायतें
MeitY द्वारा भेजे गए पत्र में बताया गया है कि मंत्रालय को संसदीय हितधारकों समेत कई स्रोतों से बार-बार शिकायतें मिली हैं। इन शिकायतों में कहा गया है कि X पर ऐसा कंटेंट मौजूद है, जो भारतीय शालीनता और अश्लीलता से जुड़े कानूनों का उल्लंघन कर सकता है।
AI टूल 'ग्रॉक' के दुरुपयोग का आरोप
पत्र में यह भी कहा गया है कि X में मौजूद एआई टूल 'ग्रॉक' का दुरुपयोग महिलाओं की अश्लील तस्वीरें या वीडियो बनाने और उन्हें फैलाने के लिए किया जा रहा है। इसमें नकली अकाउंट, तस्वीरों से छेड़छाड़ और सिंथेटिक AI आउटपुट जैसे तरीकों का इस्तेमाल हो रहा है।
महिलाओं को सीधे निशाना बनाया जा रहा
मंत्रालय ने चिंता जताते हुए कहा कि यह समस्या सिर्फ फर्जी अकाउंट तक सीमित नहीं है। कई मामलों में उन महिलाओं को भी निशाना बनाया जा रहा है, जो अपनी असली तस्वीरें या वीडियो प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करती हैं। सरकार के मुताबिक यह प्लेटफॉर्म-स्तरीय सुरक्षा और मॉडरेशन सिस्टम की बड़ी विफलता को दिखाता है।
AI का गंभीर दुरुपयोग
पत्र में कहा गया है कि यह पूरा मामला Artificial Intelligence (AI) के गलत इस्तेमाल का उदाहरण है। साथ ही यह दर्शाता है कि X अपने प्लेटफॉर्म पर मौजूद कंटेंट को नियंत्रित करने में गंभीर रूप से असफल रहा है।
महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर खतरा
मंत्रालय ने इस चूक को "गंभीर चिंता" का विषय बताया है। उसका कहना है कि इस तरह की गतिविधियां महिलाओं और बच्चों की गरिमा, गोपनीयता और सुरक्षा को नुकसान पहुंचाती हैं। साथ ही डिजिटल दुनिया में यौन उत्पीड़न को सामान्य बनाती हैं।
कठोर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
MeitY ने दोहराया है कि अश्लील या यौन-स्पष्ट कंटेंट को होस्ट करना या शेयर करना, चाहे वह AI सिस्टम के जरिए ही क्यों न हो, आईटी अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता और महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कानूनों के तहत दंडनीय अपराध है। मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि निर्देशों का पालन न करने पर X, उसके जिम्मेदार अधिकारियों और यहां तक कि यूजर्स को भी बिना किसी अतिरिक्त नोटिस के कठोर कानूनी नतीजे भुगतने पड़ सकते हैं।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications